Betul Crime News: सीएमएचओ कार्यालय के कैशियर के साथ मारपीट, कलेक्टर और एसपी से शिकायत
Betul Crime News: Assault with cashier of CMHO office, complaint to Collector and SP
Betul Crime News: आए दिनों बैतूल सीएमएचओ कार्यालय किसी न किसी कारण से हमेशा सूर्खियों में रहा है। रिश्वत कांड का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि एक बार फिर सीएमएचओ कार्यालय सूर्खियों में आ गया। सीएमएचओ कार्यालय के कैशियर के साथ एक युवक ने मारपीट कर हाथ मरोड़ दिया। मारपीट की घटना की शिकायत कलेक्टर अमनबीर सिंह बैंस और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ चौधरी से की है।
शिकायत में बताया गया कि राजेश शर्मा नाम का व्यक्ति प्रतिदिन सीएमएचओ कार्यालय में कार्यालयीन समय में बैठा रहता है। स्वयं को वह एनजीओ का कर्मचारी बताता है। कार्यालय में हमेशा आरटीआई लगाते रहता है। राजेश द्वारा आए दिनों कर्मचारियों को भद्दे कमेंट्स कर डराता-धमकाता है। बुधवार प्रात: 10.30 बजे राजेश शर्मा द्वारा सीएमएचओ कार्यालय के कैशियर जीवनलाल साहू के साथ मारपीट की और हाथ मरोड़ दिया। लोहे की कुर्सी उठाकर मारने लगा इतने में ही कार्यालय के अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंच गए, जिससे अप्रिय घटना होने से बच गई। सभी कर्मचारियों की मांग है कि राजेश शर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि इस तरह से घटना की पुर्नावृत्ति न हो। इस तरह के व्यक्ति कार्यालय में बैठने और कर्मचारियों को धमकाने से शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न होती है। अगर इस तरह से किसी आगे किसी कर्मचारी के साथ घटना होती है तो इसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की रहेगी। मारपीट की घटना के विरोध में कर्मचारियों ने काम बंद रखा। कर्मचारियों का कहना है कि कैशियर के साथ हुई मारपीट के चलते सभी कर्मचारियों में आक्रोश है, जिसके कारण सभी लोगों ने एकमत सहमत होकर काम बंद रखा है। काम बंद होने के कारण कई लोग परेशान होते नजर आए। ज्ञापन सौंपने वालों में जीवनलाल साहू, अभिजीत, तरूण महाले, शंकर धुर्वे, आनंद धुर्वे, प्रकाश मौसिक, राहुल बारस्कर सहित अन्य कर्मचारी मौजूद थे। इस तरह से हुई घटना पीडि़त कैशियर जीवनलाल साहू ने बताया कि प्रतिदिन की तरह राजेश शर्मा आया और कार्यालय में बैठा था। उसने कहा कि जब भी मैं सीएमएचओ से मिलने जाता हूं तो उतने समय में तू फाईल लेकर आ जाता है। इसके कारण मेरी सीएमएचओ से अच्छे से बात नहीं हो पाती। इसी बात को लेकर कैशियर और राजेश के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में राजेश शर्मा ने कैशियर के साथ मारपीट की और दायां हाथ मरोड़ दिया। मरोडऩे के कारण हाथ पर सूजन आ गई है। एक्सरे और अन्य जांच के बाद ही पता चलेगा कि हाथ में कोई गंभीर चोट तो नहीं आई है। राजेश शर्मा कहां का रहने वाला है यह भी जानकारी सामने नहीं आई है।
इनका कहना…
सीएमएचओ कार्यालय के एक कर्मचारी के साथ राजेश शर्मा नाम के एक व्यक्ति ने मारपीट की है। इसकी शिकायत दर्ज कराई है और कार्रवाई की मांग की है।
डॉ अशोक बारंगा प्रभारी CMHO बैतूल



