Betul Hadsa news: पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 8 साल के मासूम की दर्दनाक मौत
Betul Incident news: 8 year old innocent died due to drowning in a pit filled with water
Betul Hadsa news: शहर के विवेकानंद वार्ड में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक 8 साल के मासूम की मौत हो गई। यह बालक ग्रीनसिटी स्थित प्रायमरी स्कूल का छात्र था। दोपहर में भोजन अवकाश होने पर वह दोस्तों के साथ खेलते-खेलते इस पानी के गड्ढे पर पहुंच गया था। इसी दौरान डूबने से उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 साल का सावन कुमार, विवेकानंद वार्ड में स्विमिंग पूल के सामने स्थित प्रायमरी स्कूल में पढ़ता था। दोपहर में भोजन अवकाश होने पर सावन कुमार अपने 7-8 दोस्तों के साथ पास ही में सरस्वती स्कूल के पीछे स्थित पानी के गड्ढे तक आए और खेलने लगे। इस बीच सावन कुमार गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष आनंद प्रजापति ने बताया कि यह देख कर साथी बच्चों ने स्कूल पहुंच कर घटना की जानकारी दी। शिक्षकों ने नपा के स्विमिंग पूल के कोच रामबरण पाल और श्री यादव को दी। सूचना मिलते ही श्री पाल और श्री यादव मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू की। कुछ देर की तलाश के बाद बच्चे को बाहर निकाला गया। इस बीच 108 एंबुलेंस भी मौके पर पहुंच गई थी। 108 सेवा के योगेश पवार ने बताया कि गड्ढे से निकालने के तुरंत बाद बच्चे को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां बच्चे को डॉक्टर ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है वहीं मृत छात्र का परिवार गहरे सदमे में है।



