MP Board result 2023: 12 वीं में राहुल यादव और 10 वीं में शिवम और प्रीति ने प्रदेश की टॉप-10 सूची में बनाया स्थान

MP Board result 2023: Rahul Yadav in 12th and Shivam and Preeti in 10th made it to the state top-10 list

MP Board result 25 may 2023: बैतूल माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल ने गुरूवार को कक्षा 10 वीं और 12 वीं की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए है। जिसमें बैतूल जिले से कक्षा 12 वीं में एक और कक्षा 10 वीं में दो विद्यार्थियों ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त कर जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। प्रतिवर्षअनुसार इस वर्ष भी छात्राओं ने बाजी मारी है। जिले का अच्छा परिणाम आने पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई प्रेषित की। उत्कृष्ट विद्यालय में शिक्षकों ने प्रदेश और जिले में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को माला पहनाकर स्वागत किया और पटाखे फोड़कर उत्तीर्ण होने की खुशियां मनाई। कक्षा 12 वीं में बैतूल जिले से संजीवनी स्कूल गणित संकाय के छात्र राहुल पिता नरेश यादव ने 500 में से 478 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10 वां स्थान प्राप्त कर स्कूल और जिले का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन किया है। कक्षा 10 वीं में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल के छात्र शिवम पिता भीमराव राठौर ने 485 अंक और शासकीय बालक हायर सेकेण्डरी मुलताई की छात्रा प्रीति पिता गुलाबराव सिंह कुमरे ने 485 अंक प्राप्त कर प्रदेश में 10 वां स्थान प्राप्त किया है। 2 से 3 वर्ष के अंतराल के बाद 10 वीं कक्षा में बैतूल जिले से दो विद्यार्थियों ने प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त किया है।
कक्षा 10 वीं में तुषार प्रथम और तेजस ने द्वितीय स्थान पर
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी किए गए परीक्षा परिणाम में कक्षा 10 वीं में उत्कृष्ट विद्यालय के छात्र तुषार पिता दुर्गादास धोटे ने 484 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान और इसी स्कूल के छात्र तेजस पिता सुबेन्द्र सिंह सिसोदिया ने 480 अंक एवं लुभांशी बेले 480 अंक प्राप्त कर जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह एक्सीलेंस स्कूल के ही रानी पिता जयप्रकाश मालवीय ने 479, लिटिल फ्लावर हायर सेकेण्डरी स्कूल पाथाखेड़ा के छात्र राज पिता महेश वर्मा ने 479 और पैराडाईज इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल आमला की छात्रा निशा पिता बंडू राठौर ने 479 अंक लेकर तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
62.52 प्रतिशत रहा 10 वीं का परिणाम 
माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा जारी परिणाम में बैतूल जिले में 10 वीं का परीक्षा परिणाम 62.52 प्रतिशत रहा। परीक्षा में कुल 17663 विद्यार्थी रजिस्ट्रर्ड थे। जिसमें 8 हजार 457 छात्र और 9 हजार 216 छात्र शामिल है। 101 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे, 6413 विद्यार्थी प्रथम, 4463 द्वितीय और 109 विद्यार्थियों ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 2001 विद्यार्थियों को सप्लीमेंट्री, 4582 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण हुए है।  कक्षा 10 वीं में इस बार भी छात्राओं का दबदबा देखने को मिला है। जिले में छात्राओं का परीक्षा परिणाम 66.55 और छात्रों का 58.52 प्रतिशत रहा।
कक्षा 12 में तनिशा प्रथम, ऐश्वर्या और पार्थ ने दूसरा स्थान 
हायर सेकेण्डरी के परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा तनिशा पिता शैलेन्द्र राठौर ने 475 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम और इसी स्कूल की छात्रा ऐश्वर्या पिता अनिल साहू ने 470 अंक और पार्थ पिता योगेश्वर देशपांडे ने 470 अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा विनायकम हायर सेकेण्डरी स्कूल की छात्रा रोशनी पिता राजेश पवार ने 468 अंक प्राप्त कर जिले में तृतीय स्थान प्राप्त किया है।
पिछले वर्ष की अपेक्षा गिरा 12 वीं का परिणाम
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष कक्षा 12 वीं के परीक्षा परिणाम में गिरावट दर्ज की है। बैतूल जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाह ने बताया कि 12 वीं में कुल 15 हजार 679 विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम आया जिसमें 4835 विद्यार्थी प्रथम, 3096 द्वितीय और 37 विद्यार्थी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया है। 2 हजार 786 विद्यार्थियों को सप्लीमेन्ट्री आई है तथा 4935 अनुत्तीर्ण हुए है। 12 वी का कुल परीक्षा परिणाम 50.81 प्रतिशत रहा है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक पिछले वर्ष की अपेक्षा हायर सेकेण्डरी के परीक्षा परिणामों में 10 से 11 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की है। शिक्षा विभाग के अधिकारी परीक्षा परिणामों में आए गिरावट पर मंथन कर रहे है।

Related Articles

Back to top button