MP के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग की कार दुर्घटनाग्रस्त: बाल- बाल बचे मंत्री
मध्य प्रदेश के चिकित्सा मंत्री विश्वास सारंग की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई हादसे में मंत्री बाल- बाल बच गए। अन्य मंत्रियों ने भी स्वास्थ्य के संबंध में जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक विश्वास सारंग टीकमगढ़ से भोपाल आ रहे थे। वे वहां आयोजित राजनीतिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। शनिवार देर रात हुए इस हादसे के समय मंत्री सारंग का परिवार भी उनके साथ था।
विश्वास सारंग ने बताया कि वे टीकमगढ़ में विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से वापस भोपाल आ रहे थे। मालथौन के आगे गाड़ी अचानक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे गाड़ी का एक्सल और रिम टूट गया और वो करीब दो सौ मीटर तक घिसटती चली गई। जानकारी के अनुसार घटना में मंत्री को मामूली चोट आई है। सुबह 5 बजे क्रेन की मदद से गाड़ी को थाने पहुंचाया गया। पुलिस हादसे की जांच में जुट गई है।



