Betul: गंज क्षेत्र की चार चोरियों का खुलासा 2 गिरफ्तार: इधर सारणी पुलिस ने भी पकड़े तीन चोर

बैतूल। गंज थाना पुलिस को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकडऩे में सफलता मिली है। पुलिस ने चार स्थानों पर हुई चोरी की घटना का खुलासा किया। जिसमें दो आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है। गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सूने आवासों में चोरी की घटनाएं बढऩे पर एसपी सिमाला प्रसाद एवं एएसपी नीरज सोनी के निर्देश पर चोरों को पकडऩे के लिए टीम गठित की थी। इस टीम को चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकडऩे में सफलता मिली है। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी चुन्नीढाना गंज निवासी अमन उर्फ चमन पिता शंकरलाल गायकी (23) और पारस उर्फ शीलू पिता श्रीराम धुर्वे (28) निवासी मटन मार्केट कोठीबाजार को गिरफ्तार किया है।
यहां हुई थी चोरी की घटनाएं
पुलिस के मुताबिक फरियादी गावंडे निवासी संजय कालोनी के सूने मकान में चोरी की घटना हुई थी। अज्ञात लोगों ने मकान का ताला तोड़कर आलमारी में रखे सोने, चांदी के जेवरात और नगदी रूपये पर हाथ साफ कर दिए थे। इसी तरह सुयोग कालोनी विकास नगर गंज बैतूल निवासी सुबोध पिता आरबी वर्मा के सूने मकान में ताला तोड़कर मकान में रखी आलमारी से चैन व हीरे की लौंग, नगदी रूपये पर हाथ साफ कर दिए थे।
रूकमणी पति शंकर हजारे निवासी चुन्नीढाना निवासी बैतूल के सूने आवास का ताला तोड़कर घर में रखी पेटी से सोने का मंगलसूत्र व नगदी रूपये चोरी किए थे। भरत रैकवार पिता लक्ष्मण रैकवार निवासी खंजनपुर ने शिकायत की थी कि उनकी पल्सर मोटर साईकिल कांतिशिवा टॉकिज के पास से चोरी हो गई। पुलिस ने इन चारों चोरी की घटनाओं का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
चोरी का मशरूका किया बरामद
गंज थाना प्रभारी श्री मर्सकोले ने बताया कि चोरी के मामले में संदेही अमन गायकी और पारस धुर्वे को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की तो दोनों युवकों ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के पास से चोरी के एक जोड़ी सोने के टॉप्स, एक नग सोने की अंगूठी, चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, चांदी की बिछिया, सोने की चैन, हीरे का टॉप्स, हीरे की लौंग, सोने का मंगलसूत्र व मोती और एक पल्सर मोटर साईकिल बरामद की है।
आरोपियों को पकडऩे में इनकी रही भूमिका
चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को पकडऩे में गंज थाना प्रभारी श्री मर्सकोले, उपनिरीक्षक संदीप परतेती, छत्रपाल धुर्वे, रवि शाक्य, उपनिरीक्षक आबिद अंसारी, सहायक उपनिरीक्षक उमेश बिल्लौरे, प्रधान आरक्षक अजय बरवड़े, मयूर, संदीप, ईमना, नितिन चौहान, अतुल शर्मा, विजय चौहान, सैनिक बंडू धुर्वे और अमित की महत्वपूर्ण की भूमिका रही।
इधर सारणी पुलिस ने चोरी के मामले में तीन को किया गरफ्तार

सारनी पुलिस ने एक घर में चोरी को अंजाम देने वाले एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से चोरी का सामान बरामद किया है। थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि फरियादी अश्विनी पिता श्रीराम बोरवन (22) निवासी जगजीवन नगर पाथाखेड़ा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने खिड़की तथा छत की टीन हटाकर घर में घुसकर गैस सिलेण्डर, चावल, गेहूं सहित खाने का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने संदेही विकास पिता बांदरीका साहू (22) निवासी आजाद नगर पाथाखेड़ा और यासिफ पिता मोहम्मद जहिर अंसारी (24) निवासी जगजीवन नगर पाथाखेड़ा और एक नाबालिग को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपियों के पास से चोरी गया गैस सिलेण्डर और खाने का सामान बरामद किया है।



