10वीं-12वीं के एग्जाम फॉर्म 6 फरवरी तक भरे जाएंगे, समय के बाद लगेगी भारी-भरकम फीस
भोपाल- मध्यप्रदेश बोर्ड ने 10वीं-12वीं के एग्जाम फॉर्म भरने की तारीख बढ़ा दी है। फॉर्म भरने के लिए छात्रों को अंतिम मौका दिया जा रहा है। शुक्रवार को बोर्ड ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि छात्र 6 फरवरी तक सामान्य शुल्क 900 रुपए के साथ ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं।
इसके बाद अगर फॉर्म भरते हैं, तो लेट फीस के रूप में 10 हजार रुपए देने होंगे। इस साल 10वीं-12वीं में करीब 22 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। 10वीं के 18 फरवरी से 10 मार्च तक और 12वीं के पेपर 17 फरवरी से 12 मार्च तक होंगे। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रखा गया है। एमपी बोर्ड टाइम टेबल मंडल की वेबसाइट www.mpbse.nic.in पर जारी किया जा चुका है।समय से डेढ़ घंटे पहले पहुंचना जरूरी
परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को सुबह 8.30 बजे उपस्थित होना जरूरी है। छात्रों को सुबह 8.45 बजे तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा, उसके बाद आने वाले छात्रों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।
मंत्री परमार समय पर परीक्षा कराने का कह चुके
मंत्री इंदर सिंह परमार पहले ही कह चुके हैं कि 10वीं-12वीं के एग्जाम समय पर होंगे। इसमें अभी बदलाव नहीं किया जा रहा है। परीक्षाएं ऑफलाइन मोड पर ही होंगी। 1 फरवरी से प्रदेश के सभी स्कूल दोबारा से 50% क्षमता के साथ प्रारंभ हो गए हैं। क्लास ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में चल रही हैं।
हाई स्कूल (10वीं)
- परीक्षा शुरू होगी : 18 फरवरी 2022
- अंतिम पेपर : 10 मार्च 2022
- समय : सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक
हायर सेकेंडरी स्कूल (12वीं)
- परीक्षा शुरू होगी : 17 फरवरी 2022
- अंतिम पेपर : 12 मार्च 2022
- समय : सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक
(न्यूज सोर्स भास्कर)