Betul Crime News : टमाटर चोरी के संदेह में 64 वर्षीय बुजुर्ग की मारपीट कर हत्या, पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार
Betul Crime News: 64-year-old man beaten to death on suspicion of stealing tomatoes; father and son arrested.
Betul Crime News : थाना आठनेर पुलिस द्वारा हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक 09 अक्टूबर 2026 की रात्रि लगभग 11:30 बजे ग्राम धामोरी निवासी गुलाब माटे, उम्र 64 वर्ष, जामगांव से पैदल अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सुरेश वाडेकर के खेत के पास सुरेश वाडेकर एवं उसके बेटे शैलेष वाडेकर ने उन्हें रोककर टमाटर चोरी करने का संदेह जताया। मृतक द्वारा आरोप का खंडन करने पर दोनों आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए हाथ-थप्पड़ों एवं लकड़ी के डंडे से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में गंभीर चोटें आने के कारण उपचार के दौरान गुलाब माटे की मृत्यु हो गई।
पुलिस की कार्रवाई*
मृतक के बेटे गोलू माटे की शिकायत पर थाना आठनेर में अपराध क्रमांक 0273/2026 के तहत धारा 296(बी), 115(2), 351(2), 3(5) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उपचार के दौरान मृतक की मृत्यु हो जाने पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आठनेर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों सुरेश वाडेकर एवं शैलेष वाडेकर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय भैंसदेही के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई एवं विवेचना में निरीक्षक नरेंद्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक एम.एल. ठाकरे, सहायक उपनिरीक्षक गंभीर सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक 110 निर्मल पवार, आरक्षक 101 गिरिराज धाकड़ एवं आरक्षक 226 बीरबल मीणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



