Betul News : गणेश विसर्जन में चप्पे-चप्पे पर रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, वीडियोग्राफी के साथ-साथ सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी
Betul News: Tight security arrangements will be in place across the board for the Ganesh immersion; monitoring will be conducted via videography, CCTV, and drones.
Betul News : बैतूल आगामी 25 सितम्बर को अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन को लेकर पुलिस ने अभी से व्यवस्था बनाना शुरू कर दिया है। विसर्जन के दौरान शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था बनाई गई है। सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी, साथ ही जुलूस में वीडियोग्राफी भी की जाएगी। किसी ने भी माहौल बिगाडऩे की कोशिश की तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे। पुलिस अधीक्षक विरेन्द्र जैन ने सभी एसडीओपी, थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े दिशा निर्देश जारी किए है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्वयं एसपी, एएसपी भी नजर बनाएं हुए है।25 सितम्बर को गणेश विसर्जन होगा, जिसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे है। विसर्जन स्थल से लेकर निकलने वाले जुलूस पर पुलिस की पैनी नजर बनी रहेगी। शहर में लगभग 400 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। चौक चौराहों के साथ-साथ जुलसू में भी पुलिसकर्मी मौजूद रहेंगे। निगरानी के लिए विशेष टीमें बनाई गई है। यह टीमें भी अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेगी।
ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी
जुलूस में सीसीटीवी और ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। पुलिस विभाग द्वारा चौक चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इन कैमरों को भी सुधार लिया गया है। इसके अलावा सांसद निधि और व्यापारियों से दी गई राशि से भी कोतवाली क्षेत्र में 36 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इन कैमरों से कोतवाली में लाईव निगरानी रखी जाएगी। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के लिए दो ड्रोन की व्यवस्था बनाई है। इन ड्रोन के माध्यम से भी आसमान से पैनी नजर रखी जाएगी। विसर्जन स्थल पर भी क्रेन की व्यवस्था बनाई गई है। क्रेन की सहायता से गणेश विसर्जन किया जाएगा।
लगभग 400 पुलिसकर्मियों का तैनात रहेगा बल
जानकारी के अनुसार बैतूल शहर में लगभग 400 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया जाएगा। गणेश विजर्सन के लिए बाहर से पुलिस की दो कंपनियांं मांगी गई है। पचमढ़ी या छिंदवाड़ा से पुलिस बल आने की संभावना है। 25 सितम्बर को सुबह से ही पुलिसकर्मियों की तैनाती शुरू हो जाएगी। अगले दिन 26 सितम्बर तक पुलिस बल तैनात रहेगा।
शांतिपूर्वक जुलूस निकालने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने सभी गणेश समितियों से शांतिपूर्वक जुलूस निकालने की अपील की है। कोई भी व्यक्ति माहौल खराब करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने की अपील की है, ताकि गणेश विसर्जन सभी जगह हो सके। गणेश समितियों से विवादित लोगों को जुलूस से दूर रखने की भी अपील की है।
इनका कहना है….गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है। जगह- जगह सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे। सीसीटीवी और ड्रोन कैमरे से हर हरकत पर नजर रखेंगे।वीरेंद्र जैन पुलिस अधीक्षक बैतूल


