Betul News : निलय डागा-रोहन ठाकुर के नेतृत्व में एनएसयूआई का जबरदस्त प्रदर्शन, चलाया वाटर कैनन
Betul News: NSUI under the leadership of Nilay Daga-Rohan Thakur staged a massive protest and used water cannons.
Betul News : बैतूल छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने, शिक्षा संजीवनी अभियान का विरोध और पीपीपी मोड मेडिकल कॉलेज के बजाय सरकारी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर गुरुवार को एनएसयूआई ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय विनोद डागा और एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-युवा शिवाजी ऑडिटोरियम से रैली की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें बैरिकेट्स लगाकर रोकने का प्रयास किया। छात्रों द्वारा जब बैरिकेट्स पर चढ़ने का प्रयास किया गया तो पुलिस ने वाटर कैनन की बौछार की, लेकिन छात्र पीछे नहीं हटे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन जारी रखा।

दोपहर 1:30 बजे शिवाजी ऑडिटोरियम के पास छात्र-युवा जुटे और नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट की ओर रवाना हुए। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। बड़ी संख्या में युवाओं के पहुंचने के चलते मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान माहौल गरम रहा और पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
एनएसयूआई ने लंबे समय से बंद छात्रसंघ चुनाव तत्काल प्रत्यक्ष प्रणाली से कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि चुनाव नहीं होने से विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का प्रभावी मंच नहीं मिल रहा है। शिक्षा संजीवनी अभियान के नाम पर विद्यार्थियों को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए शिक्षा व्यवस्था में ठोस सुधार की मांग भी उठाई गई।
– आईटीआई के निजीकरण और फीस वसूली का विरोध
प्रदर्शनकारियों ने भीमपुर और शाहपुर की शासकीय आईटीआई को परम फाउंडेशन को सौंपने का विरोध किया। बीएड-डीएड कॉलेजों में मनमानी फीस पर रोक लगाने तथा जिले के सभी कॉलेजों की मान्यता और संचालन संबंधी आवश्यक शर्तों की जांच कराने की मांग रखी गई।

छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए जिला स्तरीय अध्ययन केंद्र, बेरोजगार युवाओं के लिए विशेष रोजगार अभियान और सरकारी छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। ग्रामीण विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा बढ़ाने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने तथा विद्यार्थियों और युवाओं के लिए विशेष जनसुनवाई शुरू करने की मांग भी रखी गई।
– मांगें पूरी नहीं हुईं तो चरणबद्ध आंदोलन होगा
एनएसयूआई जिला अध्यक्ष रोहन सिंह ठाकुर ने कहा कि विद्यार्थियों और युवाओं से जुड़े मुद्दों का तत्काल निराकरण होना चाहिए। उन्होंने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। प्रदर्शन में प्रीतेश गंगारे, हर्षवर्धन धोटे, रामकुमार नागवंशी, जिला उपाध्यक्ष युवा कांग्रेस कमलेश यादव, नरेंद्र वाडिवा, राहुल पटेल, जगदीश गोचरे, पुष्पा पेंद्राम, मनीष नागले सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा शामिल रहे।



