Betul Congress News : भ्रष्टाचार के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस ने किया वाटर कैनन का प्रयोग
Betul Congress News: Congress protests over corruption issues, police use water cannon
Betul Congress News : बैतूल के चिचोली में किसानों की समस्याओं और नौ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील घेराव करने निकले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुरुवार को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक दिया। बैरिकेड पार करने की कोशिश पर पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की तथा जमकर नारेबाजी हुई। बाद में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपकर विभिन्न मांगों पर कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा, विधानसभा प्रभारी हर्षवर्धन बघेल, ब्लॉक कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल पटेल, राजेंद्र जायसवाल, बटनू पटेल, अनिल भुसारी, पूर्व विधायक ब्रह्मा भलावी, रमेश काकोड़िया, राहुल उइके, एनएसयूआई प्रदेश सचिव हर्ष भुसारी, रूपेश आर्य, कांग्रेस मंडल अध्यक्ष हनी सोनी, सैम आर्य, आशुतोष आर्य, धर्मेंद्र भलावी, सोनल धुर्वे, मोहित आर्य, शिवम् आर्य, मिकिंश आर्यसहित कई कांग्रेस नेताओं ने किया।
प्रदर्शन की शुरुआत बाजार चौक पर आयोजित सभा से हुई, जहां कांग्रेस नेताओं ने किसानों को ई-टोकन प्रणाली के कारण खाद-बीज वितरण में हो रही परेशानियों, नगर परिषद चिचोली में कथित भ्रष्टाचार, क्षेत्र में बढ़ते एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के कारोबार, अघोषित बिजली कटौती, वन भूमि के पट्टों, पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से वाहनों में आ रही तकनीकी समस्याओं तथा अन्य जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद बस स्टैंड पर नुक्कड़ सभा आयोजित की गई और बाजार चौक से जय स्तंभ चौक होते हुए तहसील कार्यालय तक रैली निकाली गई।
– बैरिकेड पर हुई धक्का-मुक्की
तहसील कार्यालय पहुंची रैली को पुलिस ने पहले से लगाए गए बैरिकेड पर रोक दिया। इस दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और नारेबाजी हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं ने शांतिपूर्वक अपना ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।

– ज्ञापन में उठाए कई बड़े मुद्दे
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चिचोली द्वारा राज्यपाल के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि चिचोली के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्र में लंबे समय से जनसामान्य से जुड़े अनेक मुद्दे लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन और शासन द्वारा उन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि ई-टोकन व्यवस्था के कारण किसानों को खाद-बीज प्राप्त करने के लिए भटकना पड़ रहा है। साथ ही क्षेत्र में एमडी ड्रग्स और अवैध शराब के बढ़ते कारोबार पर सत्ता संरक्षण का आरोप लगाते हुए कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
– नगर परिषद, वनाधिकार और कानून व्यवस्था पर सवाल
ज्ञापन में अयोध्या स्थित श्रीराम मंदिर में दान पात्र चोरी की घटना में शामिल आरोपियों पर कड़ी न्यायिक कार्रवाई की मांग की गई। कांग्रेस ने नगर परिषद चिचोली में अध्यक्ष, सीएमओ और उपयंत्री पर निर्माण कार्यों, जैम पोर्टल खरीदी और अन्य वित्तीय मामलों में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए संचालनालय द्वारा दिए गए जांच आदेश के बावजूद जांच लंबित रहने पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने की मांग भी की। इसके अलावा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और उनके परिवार पर लगाए गए कथित जमीन खरीद संबंधी आरोपों की न्यायिक जांच, वनग्रामों में काबिज पात्र हितग्राहियों को वनाधिकार पट्टे देने तथा वनकर्मियों द्वारा आदिवासी ग्रामीणों के साथ कथित प्रताड़ना पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही।
– नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा भी उठाया
कांग्रेस ने ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक को छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस ने यह भी कहा कि चिचोली क्षेत्र में मेंटेनेंस के नाम पर प्रतिदिन पांच से छह घंटे बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन और शासकीय कार्यालयों का काम प्रभावित हो रहा है। संगठन ने बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस लेने और अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी। ज्ञापन के अंत में कांग्रेस ने सभी नौ बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की।



