Betul Crime News :  भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घर के पास व्यापारी के आँख में मिर्ची डालकर लूट का प्रयास, इधर एक दुकान से इलेक्ट्रॉनिक कांटा चोरी

Betul Crime News: Attempted robbery near the BJP state president's house; a trader was blinded with chili powder thrown into his eyes. Meanwhile, an electronic weighing scale was stolen from a shop.

Betul Crime News :   बैतूल शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार रात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निवास से कुछ ही दूरी पर बदमाशों ने एक किराना व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर चाकू के दम पर लूट का प्रयास किया। वहीं दूसरी ओर गंज क्षेत्र में एक पूजा सामग्री की दुकान से चोर इलेक्ट्रॉनिक कांटा चुराकर फरार हो गए। एक ही इलाके में हुई इन दो घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार प्रेमी किराना के संचालक ललित कुमार पोपली और निर्मल पोपली बुधवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे रामकृष्ण बगिया के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और चाकू से हमला कर लूट का प्रयास किया। अचानक हुए हमले से व्यापारी घबरा गए, लेकिन शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने गुरुवार को मौके का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। गंज थाना प्रभारी नीरज पाल ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
उधर, गंज स्थित श्री राम पूजा सामग्री दुकान भी चोरों के निशाने पर आ गई। दुकान संचालक सचिन जैन ने बताया कि गुरुवार सुबह दुकान खोलने पर इलेक्ट्रॉनिक कांटा गायब मिला। अज्ञात चोर रात के अंधेरे में दुकान से कांटा चोरी कर ले गए। पुलिस ने चोरी की घटना की भी जांच शुरू कर दी है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने यह साफ कर दिया है कि शहर में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। खास बात यह है कि लूट का प्रयास शहर के सबसे संवेदनशील इलाके में, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के निवास के पास हुआ। इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब शहरवासियों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है कि आखिर इन बेलगाम अपराधियों पर कब लगाम लगेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button