Betul Crime News : निशाना था कोई और, जान गई किसी और की; हत्या के मामले में नाबालिग सहित 4 गिरफ्तार
Betul Crime News: The target was someone else, but someone else lost their life; 4 arrested, including a minor, in murder case
Betul Crime News : पुलिस ने एक हत्या की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुरानी रंजिश के कारण हत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक 7 जून को चौकी अस्पताल बैतूल से प्राप्त मर्ग इंटीमेशन के आधार पर थाना झल्लार में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। जांच के दौरान मृतक गोलू कास्देकर के परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के कथनों से यह तथ्य सामने आया कि 5 जून को ग्राम चांदू स्थित पेट्रोल पंप पर मृतक एवं उसके साथियों के साथ कुछ व्यक्तियों द्वारा लाठी-डंडों से हमला किया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी राजकुमार पिता सुखदेव दहीकर, उम्र 25 वर्ष, निवासी चांदू, मनीष पिता भोला डिकारे, उम्र 22 वर्ष, निवासी चांदू, शांतिलाल पिता पतिराम डिकारे, उम्र 42 वर्ष, निवासी चांदू, और एक विधि-विरुद्ध बालक तीन अलग-अलग मोटरसाइकिलों से पेट्रोल पंप पहुंचे और वहां मौजूद गोलू कास्देकर व उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। हमले के दौरान गोलू के सिर पर डंडे से गंभीर चोट पहुंचाई गई, जिससे वह घटनास्थल पर बेहोश हो गया। उपचार के लिए नागपुर ले जाते समय उसकी मृत्यु हो गई।गलती से किसी और युवक पर किया हमला
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने मृतक एवं उसके साथियों को किसी अन्य गांव के युवक समझकर हमला किया था। बाद में उन्होंने स्वयं स्वीकार किया कि उनका विवाद अन्य व्यक्तियों से था और पहचान की भूल के कारण उन्होंने हमला कर दिया। मृतक के परिजनों, प्रत्यक्षदर्शी साक्षियों के कथनों तथा पोस्टमार्टम संबंधी चिकित्सीय रिपोर्ट के आधार पर *थाना झल्लार में धारा 103(1), 296(B), 115(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS)* के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिन्होंने अपराध करना स्वीकार किया। उनके मेमोरेण्डम कथनों के आधार पर घटना में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिलें एवं लकड़ी के डंडे बरामद कर जब्त किए गए। तत्पश्चात सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
उक्त कार्रवाई में सउनि दिलीप टांडेकर, सउनि जगदीश नावरे, प्रधान आरक्षक 146 हाकम सिंह, आरक्षक 585 नीतेश, आरक्षक 669 हर्षवर्धन एवं सैनिक 195 अमित की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक बैतूल की अपील
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद, गलतफहमी अथवा रंजिश की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। छोटी-सी गलतफहमी भी गंभीर अपराध का रूप ले सकती है। बैतूल पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं नागरिकों की सुरक्षा हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।



