Betul News : बैंक के बाहर रेकी, रास्ते में वारदात: डिक्की तोड़कर नकदी उड़ाने वाला आरोपी गिरफ्तार

Betul News: Reiki outside the bank, crime on the way: Accused arrested for breaking the trunk and stealing cash

Betul News : थाना मुलताई पुलिस ने बैंक परिसर के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़कर ₹37,000 की नकदी चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है।
फरियादी नरेन्द्र पवार, निवासी ग्राम पोहर, तहसील मुलताई, जिला बैतूल द्वारा थाना मुलताई में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 03 जून 2026 को उन्होंने यूनियन बैंक, मुलताई से राशि निकाली थी। शेष ₹37,000 नगद एक सफेद प्लास्टिक की थैली में रखकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रख दिए और महाराष्ट्र बैंक चले गए। कुछ समय बाद वापस लौटने पर मोटरसाइकिल की डिक्की का ताला टूटा हुआ मिला तथा उसमें रखी नकदी गायब थी।
रिपोर्ट पर थाना मुलताई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य महत्वपूर्ण सुरागों का गहन विश्लेषण किया गया। जांच के दौरान आरोपी विजय पिता आनंदराम नट, उम्र 42 वर्ष, निवासी विजय नगर, काशपारा, रायगढ़ (छत्तीसगढ़) की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बैंकों से नकदी निकालने वाले लोगों की रेकी करता था तथा उनके बैंक से बाहर निकलने के बाद अवसर पाकर वाहन की डिक्की तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी अंतरराज्यीय स्तर का है सक्रिय शातिर चोर
पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड, पूर्व में की गई वारदातों एवं संभावित साथियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। आरोपी द्वारा पूर्व में भी जिला अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) एवं अन्य स्थानों पर इस तरह की घटना को अंजाम दिया जा चुका है। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दो दिवस का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
साथ ही बैतूल जिले एवं आसपास के जिलों के थाना प्रभारियों को सूचित किया गया है कि यदि उनके थाना क्षेत्रों में इस प्रकार की वारदातें लंबित हैं तो वे थाना मुलताई से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आरोपी के पास से ₹10,000 नगद बरामद किये हैं।
🔹 *सराहनीय भूमिका*
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी मुलताई निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, सउनि मोहनलाल गुप्ता, प्रधान आरक्षक गजराज सिंह, आरक्षक अरविन्द, प्रिंस, गोपाल, सीताराम, संदीप एवं हेमन्त मालवीय की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
 जन-जागरूकता अपील
बैतूल पुलिस की आमजन से अपील है कि बैंक अथवा एटीएम से नकदी निकालने के बाद उसे वाहन की डिक्की, सीट या खुले स्थान पर न रखें। बड़ी राशि होने पर किसी विश्वसनीय व्यक्ति को साथ रखें तथा आसपास संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखें। यदि कोई व्यक्ति लगातार आपका पीछा करता हुआ या संदिग्ध गतिविधि करते हुए दिखाई दे तो तत्काल डायल-112 अथवा नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। आपकी सतर्कता ही अपराध की रोकथाम का सबसे प्रभावी उपाय है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button