Betul News : जिला अस्पताल परिसर में 84.98 लाख लागत से निर्मित विश्रामालय का लोकार्पण, मरीजों के परिजनों को न्यूनतम दरों पर मिलेगी ठहरने की सुविधा

Betul News: Inauguration of the rest house built at a cost of Rs 84.98 lakh in the district hospital premises, patients' relatives will get accommodation facility at minimum rates.

Betul News : बैतूल,  जिला अस्पताल परिसर में 84.98 लाख रुपये की लागत से निर्मित विश्रामालय का लोकार्पण केंद्रीय राज्यमंत्री जनजातीय कार्य मंत्रालय श्री दुर्गादास उईके, विधायक बैतूल एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, विधायक मुलताई श्री चंद्रशेखर देशमुख, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार एवं उपाध्यक्ष जिला पंचायत श्री हंसराज धुर्वे के मुख्य आतिथ्य में किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े, सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे, डॉ. रानू वर्मा, डॉ. रूपेश पद्माकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री दुर्गादास उईके ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संवेदनशील नेतृत्व में विकास की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचे, यह केंद्र एवं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल परिसर में लगभग 85 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस विश्रामालय में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आने वाले गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के परिजनों के रुकने की व्यवस्था की गई है। यहां भोजन सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं भी न्यूनतम दरों पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से मिली इस सौगात के लिए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में मरीज इलाजरत रहते हैं। ऐसे में उनके परिजनों को न्यूनतम दरों पर ठहरने की व्यवस्था हो, इसके लिए उन्होंने एवं सांसद श्री दुर्गादास उईके ने केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट की थी। जिस पर मंत्री श्री प्रधान ने अपनी राज्यसभा निधि से तत्काल 80 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की थी। उन्होंने सभी की ओर से श्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि विश्रामालय का संचालन रोगी कल्याण समिति द्वारा न्यूनतम दरों पर किया जाएगा। विश्रामालय के समीप शेष क्षेत्र में शेड एवं रेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी, जहां न्यूनतम दरों पर स्वल्पाहार एवं भोजन उपलब्ध रहेगा। इससे मरीजों के परिजनों को बैठने एवं ठहरने में सुविधा होगी तथा अस्पताल का क्राउड मैनेजमेंट बेहतर हो सकेगा।
सिविल सर्जन डॉ. जगदीश घोरे ने बताया कि 30 बिस्तरीय विश्रामालय का लोकार्पण किया गया है। केंद्रीय मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान द्वारा राज्यसभा निधि से 84.98 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button