MP Weather Alert Today : एमपी में प्री- मानसून सक्रिय, कई जिलों में बारिश का अलर्ट, बैतूल में बारिश के साथ गिरे ओले
MP Weather Alert Today: Pre-monsoon active in MP, rain alert in many districts, hail fell along with rain in Betul.

MP Weather Alert Today : मध्य प्रदेश में प्री- मानसून की गतिविधियां शुरू हो चुकी है। पिछले दो दिनों से प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी है। शनिवार को जारी एडवाइजरी में बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान एमपी के मंदसौर, नीमच ग्वालियर, दतिया, भिंड, दमोह, छत्तरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी बारिश के साथ ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में भी होगी बारिश
अगले 24 घंटे के दौरान भोपाल , विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्रेना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, सागर, मैहर, पांढुर्णा झनझावत के साथ बारिश होने की संभावना बनी है।
बैतूल में बारिश के साथ ओलावृष्टि
बैतूल। जिले में प्री-मानसून गतिविधियों ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। शनिवार दोपहर अचानक हुए मौसम परिवर्तन के बाद खेड़ीसांवलीगढ़ में करीब 15 से 20 मिनट तक तेज बारिश के साथ ओल गिरने की खबर है। वहीं कोलनगरी सारनी और घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में भी बारिश होने की खबरें सामने आई हैं। सारणी क्षेत्र में चने के आकार के ओले गिरने के समाचार मिले हैं। इन बारिशों के बाद तापमान में गिरावट आई है और लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है, हालांकि उमस का असर अभी भी बना हुआ है। नौतपा के छठे दिन जिले का अधिकतम तापमान घटकर लगभग 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि इससे एक दिन पहले यह 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया था। बादलों की आवाजाही और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण गर्मी के तीखे तेवर कमजोर पड़े हैं। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और गर्म हवाओं से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली है।
पिछले सप्ताह तक दोपहर के समय सडक़ों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता था, लेकिन अब मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। प्री-मानसून की बौछारों के कारण कई इलाकों में मौसम सुहाना हो गया है। हालांकि बारिश के बाद उमस बढऩे से लोगों को कुछ असुविधा भी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले एक-दो दिनों में जिले के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। यदि ऐसा होता है तो तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्री-मानसून गतिविधियां आगामी मानसून के सक्रिय होने का संकेत हैं, जिससे किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मानसून की रफ्तार धीमी, किसानों का इंतजार बढ़ा
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष अपेक्षाकृत धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। पहले अनुमान था कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंचेगा, लेकिन अनुकूल मौसमीय परिस्थितियों के अभाव में इसमें देरी हो रही है। अब इसके 2 जून तक केरल तट पर पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद यह मध्यप्रदेश की ओर बढ़ते हुए मंडला और बालाघाट क्षेत्र से प्रवेश करेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बैतूल जिले में मानसून 20 जून के आसपास दस्तक दे सकता है। इसको लेकर किसानों की उम्मीदें अब मौसम पर टिकी हैं, क्योंकि खरीफ फसलों की बोवनी पूरी तरह बारिश पर निर्भर है।
हालांकि मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष सामान्य से कम वर्षा की संभावना जताने वाली एडवाइजरी जारी किए जाने से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। यदि बारिश कम होती है तो इसका सीधा असर कृषि उत्पादन पर पड़ सकता है। फिलहाल प्री-मानसून की हल्की बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन सभी की नजरें अब मानसून की वास्तविक प्रगति पर टिकी हुई हैं।



