Betul Road Accident : सडक़ हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत, इलाज के दौरान निजी अस्पताल में तोड़ा दम
Betul Road Accident: Two friends died tragically in a road accident, died during treatment in a private hospital.
Betul Road Accident: बैतूल में सडक़ हादसे में दो दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना बैतूल के बैतूल बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सोहागपुर के पास गुरुवार को हुई, जहां हादसे में दो युवकों की जान चली गई। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद गांवों में शोक का माहौल फैल गया। जानकारी के अनुसार जामठी निवासी साजन पिता बाबूलाल धुर्वे (22) और जुनावाणी निवासी रवि पिता फूसा धुर्वे (20) किसी काम से बैतूल की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सोहागपुर के पास उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया।
निजी अस्पताल में उपचार के दौरान गुरुवार देर रात दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिए गए। बैतूल बाजार थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि फिलहाल हादसे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई या किसी अन्य वाहन ने टक्कर मारी। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों तथा स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों युवकों के गांवों में मातम पसर गया है। परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और जल्द ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है।



