Betul Road Accident : खाटू श्याम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी स्कॉर्पियो हाईवे पर पलटी, 6 घायल
Betul Road Accident: Scorpio full of devotees going to Khatu Shyam overturned, 6 injured
Betul Road Accident : बैतूल। छत्तीसगढ़ से राजस्थान स्थित खाटू श्याम धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक स्कॉर्पियो वाहन शनिवार को हादसे का शिकार हो गई। नागपुर-बैतूल नेशनल हाईवे पर ग्राम ससुंदरा जोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पलट गया। हादसे में वाहन सवार 6 श्रद्धालु घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया और तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सभी श्रद्धालु छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से खाटू श्याम दर्शन के लिए राजस्थान जा रहे थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और चालक द्वारा वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं में नारायण पिता विजय लाल पाल उम्र 44 वर्ष, नर्मदा पिता लवकुश साहू उम्र 40 वर्ष, छन्नू पिता मानसिंह साहू उम्र 55 वर्ष, योगेश पिता करण साहू उम्र 38 वर्ष, विक्की पिता सागर साहू उम्र 28 वर्ष तथा चेतन पिता बिसराम ठाकुर उम्र 38 वर्ष शामिल हैं। सभी घायल सहसपुर थाना देवकरनु जिला बेमेतरा, छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं।
डॉक्टरों के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और उनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। घटना के बाद श्रद्धालुओं के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
नेशनल हाईवे पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करने की अपील की है।




