Betul Crime News : रेलवे ट्रैक पर मिला शव निकला हत्या का मामला, पिता- पुत्र को किया गिरफ्तार
Betul Crime News: Dead body found on railway track turns out to be murder case, father-son arrested
Betul Crime News : बैतूल जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिले युवक के शव का मामला हत्या का निकला। पुलिस ने महज 72 घंटे के भीतर अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए मृतक के पिता और छोटे भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पारिवारिक विवाद और शराब की लत इस हत्याकांड की वजह बनी।
पुलिस के अनुसार 18 मई 2026 को घोड़ाडोंगरी उप स्टेशन प्रबंधक से सूचना मिली थी कि ग्राम कोयलारी के पास रेलवे खंभा क्रमांक 823/1 के समीप एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा है। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन हादसे का प्रतीत हो रहा था। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।
मृतक के शव का पोस्टमार्टम घोड़ाडोंगरी अस्पताल में कराया गया। पहचान के लिए फोटो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप समूहों में प्रसारित किए गए। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में डॉक्टरों ने गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि की, जिसके बाद मामला संदिग्ध हो गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शव को सुरक्षित रखवाया गया।
अगले दिन मृतक की पहचान अनेष उइके निवासी मेढ़ापानी के रूप में हुई। विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ हुआ कि हत्या के बाद शव को रेलवे पटरी पर फेंका गया था ताकि मामला दुर्घटना लगे। इसके बाद थाना रानीपुर में अपराध क्रमांक 119/26 के तहत धारा 103(1) और 238(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच तेज की गई।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने मृतक के पिता रामदयाल उइके से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका बेटा अनेष शराब का आदी था और आए दिन घर में विवाद व मारपीट करता था। घटना वाले दिन उसने घर की गेहूं की चार कट्टियां बेच दी थीं और परिवार के साथ मारपीट की थी।
परिवार के लोग डरकर गांव में अलग-अलग जगह छिप गए थे, जबकि रामदयाल खेत की टापरी में जाकर बैठ गया था। वहां अनेष पहुंचा और फिर विवाद करने लगा। गुस्से में आकर रामदयाल ने बेटे को जमीन पर गिराकर उसके गले में पड़े गमछे से गला घोंट दिया। मौत के बाद आरोपी ने अपने छोटे बेटे मनीष उइके की मदद से शव को मोटरसाइकिल पर रखकर रेलवे पटरी के पास फेंक दिया, ताकि हत्या हादसा लगे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और गमछा जब्त कर लिया है। आरोपी रामदयाल उइके और मनीष उइके निवासी कोयलारी को 22 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
मामले के खुलासे में थाना प्रभारी निरीक्षक बबीता धुर्वे, निरीक्षक आबिद अंसारी, उप निरीक्षक आम्रपाली डाहट, प्रधान आरक्षक जाकिर खान, सचिन पाटिल, रमेश टेकाम और आरक्षक राजेन्द्र की अहम भूमिका रही।



