Train Fire News : घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस के S7 कोच के ब्रेक चिपकने से उठी चिनगारी, यात्रियों में मची अफरा-तफरी

Train Fire News: Sparks erupted due to sticking of brakes of S7 coach of Secunderabad-Danapur Express at Ghoradongri station, causing panic among passengers.

Train Fire News :  घोड़ाडोंगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नागपुर से इटारसी की ओर जा रही सिकंदराबाद-दानापुर एक्सप्रेस के एक कोच से अचानक धुआं उठने लगा। ट्रेन के कोच क्रमांक एस-7 के पहिये का ब्रेक चिपक जाने से पहिये में तेज रगड़ हुई, जिससे चिंगारियां निकलने लगीं और धुआं उठता दिखाई दिया। घटना करीब सुबह 10:45 बजे की बताई जा रही है।

धुआं और चिंगारी देखकर ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। कई यात्री घबराकर तत्काल ट्रेन से नीचे उतर गए। स्टेशन पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत स्थिति संभाली। आरपीएफ जवानों ने बिना समय गंवाए अग्निशमन यंत्र का उपयोग कर चिंगारी और धुएं को काबू में किया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक ब्रेक चिपकने के कारण पहिये में अत्यधिक गर्मी पैदा हो गई थी। समय रहते तकनीकी खराबी का पता चल जाने और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से स्थिति नियंत्रित कर ली गई। घटना के बाद ट्रेन को कुछ समय के लिए घोड़ाडोंगरी स्टेशन पर रोका गया और संबंधित कोच की तकनीकी जांच की गई।

जांच और सुरक्षा संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को पुनः इटारसी की ओर रवाना कर दिया गया। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button