Betul News : कुरसना-गवासेन में कलेक्टर डॉ सोनवणे का निरीक्षण, लापरवाही पर सचिव निलंबित करने के निर्देश, इन्हें जारी किये नोटिस
Betul News: Collector Dr. Sonawane inspects Kursana-Gavasen, orders suspension of secretary for negligence, notices issued to them
Betul News : बैतूल, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने जनपद पंचायत चिचोली अंतर्गत विभिन्न ग्रामों का भ्रमण कर ग्रामीण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कुरसना में उन्होंने राशन दुकान, पंचायत भवन एवं आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने राशन दुकान में पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और वास्तविक स्टॉक का मिलान कराया तथा राशन के सैंपल का अवलोकन कर सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पंचायत भवन में उन्होंने ग्रामीणों की पेयजल समस्या, पीएम श्रम योगी मानधन योजना एवं पंचायत के विभिन्न मदों से प्रगतिरत कार्यों की जानकारी ली।
उन्होंने ग्राम कुरसना में जलस्तर नीचे जाने से उत्पन्न पेयजल संकट के समाधान के लिए उपलब्ध जल स्रोत तक पाइपलाइन बिछाकर पानी की व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग को चेकडैम एवं स्टॉपडैम का व्यवस्थित निर्माण कराने के निर्देश भी दिए। ग्राम आमुपुरा में बारिश के दौरान पुलिया पर पानी आने से रास्ता बाधित होने की समस्या के समाधान के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।

प्राथमिक शाला कुरसना में बिजली एवं बैठने की उचित व्यवस्था नहीं मिलने पर एमपीईबी को विद्युत समस्या के त्वरित निराकरण तथा पंचायत को बच्चों के लिए बेंच की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। श्रम योगी मानधन योजना एवं आयुष्मान योजना की समीक्षा के दौरान योजना में शून्य प्रगति पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पंचायत सचिव कुरसना को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर डॉ. सोनवणे ग्राम पंचायत गवासेन पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। नल-जल योजना होने के बावजूद पंप ऑपरेटर नहीं होने से पानी की सप्लाई बंद रहने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जाहिर की। पेयजल आपूर्ति, श्रम योगी मानधन योजना सहित अन्य आधारभूत कार्यों में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव प्रशांत पांडे को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सब इंजीनियर को तीन दिन के भीतर कैंप लगाकर क्षेत्र की पेयजल समस्या का समाधान सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
ग्रामीण महिलाओं ने रेशम धागा सेंटर बंद होने से आजीविका प्रभावित होने की समस्या बताई, जिस पर कलेक्टर ने रेशम विभाग के माध्यम से समाधान कराने का आश्वासन दिया। ग्राम कुरसना निवासी खुशीलाल रामलाल के पांच दुधारू पशुओं की सर्पदंश से मृत्यु होने पर लंबित मुआवजा प्रकरण का तत्काल निराकरण करने के निर्देश एसडीएम को दिए। मामले में आवेदन लंबित रहने पर तहसीलदार चिचोली को नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।
ग्रामीण महिलाओं की मांग पर सामुदायिक शौचालय एवं आंगनवाड़ी भवन के प्रस्ताव भेजने के निर्देश वन विभाग को दिए गए। इसके अलावा संबल पंजीयन, समग्र आईडी, पेंशन तथा वोल्टेज संबंधी समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री पुष्पराज खोट, एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्री इंदिरा महतो सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



