Betul Road Accident : बोलेरो ने बाईक को मारी टक्कर महिला की मौत, पति घायल दूसरे हादसे में ट्रक की टक्कर से तीन बाईक सवार घायल
Betul Road Accident: Bolero hits bike, woman dies, husband injured; in another accident, three bike riders injured after being hit by a truck.
Betul Road Accident : बैतूल जिले में मंगलवार और बुधवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के कोसमी आरएसके कार्यालय के पास हुआ। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिये ने बताया कि मंगलवार को एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गीता बाई वाघमारे (48) निवासी कोसमी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति शिवजी वाघमारे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।बुधवार सुबह महिला का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।दूसरा हादसा बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के आठनेर रोड स्थित ताप्ती घाट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार आठनेर क्षेत्र के सातनेर गांव निवासी तीन लोग बाइक से तिलक समारोह में शामिल होने बैतूल आ रहे थे। इसी दौरान बुधवार सुबह एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में कैलाश धाकड़, रूखमणी धाकड़ और अरुण धाकड़ घायल हो गए। तीनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि ताप्ती घाट क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, जिससे वाहन चालकों में भय बना हुआ है। पुलिस दोनों दुर्घटनाओं के कारणों की जांच कर रही है।



