Betul News : भैंसदेही में कलेक्टर डॉ सोनवणे ने की योजनाओं की समीक्षा, पोषण पुनर्वास केंद्र में कम भर्ती पर सीडीपीओ को नोटिस,
Betul News: Collector Dr. Sonawane reviewed the schemes in Bhainsdehi, notice to CDPO on low admission in Nutrition Rehabilitation Center,
Betul News : बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने आज जनपद पंचायत भैंसदेही कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यों में ढिलाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए कई मामलों में नोटिस जारी करने एवं सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। उन्होंने सभी अधिकारियों को हिदायत दी कि धरातल पर काम दिखाएं।
बैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोषण पुनर्वास केंद्र पर बच्चों की कम भर्ती पाए जाने पर कलेक्टर ने बाल विकास परियोजना अधिकारी भैंसदेही को नोटिस देने के निर्देश दिए। वहीं मेढा समूह सिंचाई परियोजना की समीक्षा करते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा डूब प्रभावितों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने को कहा।
कलेक्टर डॉ सोनवणे ने विधायक निधि के कार्यों की समीक्षा कर अप्रारंभ कार्यों को तत्काल प्रारंभ करने एवं प्रगतिरत कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद के कारण आंगनवाड़ी भवन निर्माण कार्य लंबित रखने पर सहायक यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं पंचायत को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि राशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य लंबित रहना स्वीकार्य नहीं है। कार्यपालन यंत्री को नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। उन्होंने अभियान चलाकर शत-प्रतिशत अप्रारंभ कार्य प्रारंभ कराने और पूर्ण कार्यों की सीसी जारी कराने को भी कहा।
उन्होंने “एक बगिया मां के नाम” योजना के लंबित कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए बंद पड़ी योजनाओं वाले ग्रामों में प्राथमिकता से बोरिंग कराने एवं सभी को पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शेष आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। संबल पंजीयन एवं लंबित पंचायत कार्ड के निराकरण में तेजी लाने तथा वन ग्रामों में वन अधिकार पत्रों की मान्यता संबंधी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनवाड़ी संचालन, पोषण, मुख्यमंत्री बाल आरोग्य संवर्धन कार्यक्रम एवं कुपोषित बच्चों की चिकित्सा सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश सीडीपीओ को दिए। स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा में जर्जर स्कूल भवनों की सूची तैयार कर पंचायत के माध्यम से मरम्मत कराने तथा निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण की स्थिति की समीक्षा की गई।
आजीविका मिशन के अंतर्गत सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं आगामी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में एएनसी पंजीयन, आयरन सप्लीमेंट, एफसीएम प्रबंधन तथा खसरा-रूबेला टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा की गई। टीकाकरण में कम प्रगति पाए जाने पर बीएमओ भैंसदेही को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। शिशु मृत्यु के मामलों में स्वास्थ्य एवं पंचायत के आंकड़ों का मिलान करने तथा एनसीडी स्क्रीनिंग में शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। इसमें लापरवाही पर संबंधित नोडल अधिकारी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश भी दिए गए। टीबी स्क्रीनिंग एवं फूड बास्केट वितरण की भी समीक्षा कर प्रगति लाने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
बैठक के पश्चात कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला अस्पताल रेफर किए गए प्रकरणों के रजिस्टर का अवलोकन कर निर्देश दिए कि जिन मामलों में सामान्य डिलीवरी संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से रेफर न किया जाए। पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण कर भर्ती सैम बच्चों की जानकारी ली और केंद्र का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कुपोषित बच्चों का बेहतर उपचार एवं पोषण हो सके।
इस दौरान एसडीएम श्री अजीत मरावी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


