Betul Road Accident : सड़क हादसे में युवती की मौत, 12 मई को होने वाली थी शादी

Betul Road Accident: Young woman dies in road accident, was to get married on May 12

Oplus_131072

Betul Road Accident :  बैतूल के शाहपुर में खुशियों की दस्तक और शहनाइयों की गूंज के बीच शाहपुर बायपास पर मोतीढाना के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका अपनी शादी के कार्ड बांटकर मुलताई से वापस लौट रही थी, तभी मौत बनकर आए एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

जानकारी के अनुसार, गुरगुंदा निवासी ऊषा उर्फ हीरा उईके (30 वर्ष) रविवार को अपनी स्कूटी से मुलताई से वापस घर लौट रही थी। वह वहां एक परिचित के जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने के साथ-साथ आगामी 12 मई को होने वाली अपनी ही शादी के निमंत्रण पत्र बांटने गई थी। जैसे ही वह शाहपुर बायपास स्थित मोतीढाना के जोड़ पर पहुंची, हाईवे पर अचानक सामने आए एक ट्रैक्टर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवती के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रैक्टर चालक मौके की नजाकत को देखते हुए वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

चार बहनों में सबसे बड़ी थी हीरा
मृतका हीरा उईके लोक सुविधा फाइनेंस और टीवीएस शोरूम में कार्यरत थी। वह अपने चार बहनों के परिवार में सबसे बड़ी थी। हीरा की शादी प्रभात पट्टन निवासी दिनेश धुर्वे के साथ तय हुई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और हर तरफ उत्साह का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

टीवीएस शोरूम संचालक विनोद सुनारे ने बताया कि हीरा एक कर्मठ कर्मचारी थी। जैसे ही हादसे की खबर फैली, क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर चालक की शिनाख्त के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button