Betul Crime News : 2 वर्ष पुराने अंधे कत्ल का खुलासा, महिला की हत्या के दो आरोपी गिरफ्तार

Betul Crime News: 2-year-old blind murder solved, two accused arrested for killing woman

Oplus_131072

Betul Crime News :  बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में करीब दो वर्ष पूर्व हुए एक अंधे कत्ल का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला लंबे समय से पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ था।

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2024 को प्रभात पट्टन निवासी एजाज अंसारी ने सूचना दी थी कि नवोदय विद्यालय पट्टन रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मृत महिला की उम्र लगभग 62 वर्ष पाई गई, जिसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और गले पर रस्सी के निशान मिले थे।

बाद में महिला की पहचान ग्राम देवगांव निवासी सरूबाई बोहरपी के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में डॉग स्क्वॉड और सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। संदेही सुनील बोहरपी निवासी देवगांव से सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और अपने साथी अविनाश गाठे निवासी देवगांव का नाम भी बताया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि सुनील बोहरपी का मृतिका से पहले से विवाद चल रहा था। 21 अक्टूबर 2024 को उसके घर में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर सुनील ने सरूबाई को धक्का दे दिया, जिससे उसका सिर दीवार से टकरा गया और वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने अपने सहयोगी अविनाश के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। दोनों ने शव को मोटरसाइकिल से ले जाकर जंगल में फेंकने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में घबराकर शव को नवोदय विद्यालय रोड किनारे छोड़कर फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button