Betul Crime News : बेटे के लिए साइकिल के पैसे नहीं देने पर पत्नी की हत्या, आरोपी पति गिरफ्तार
Betul Crime News: Wife murdered for not paying for bicycle for son, accused husband arrested
Betul Crime News : बैतूल के शाहपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे के लिए साइकिल खरीदने के लिए पैसे नहीं देने पर पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 4 मार्च की रात करीब 11 बजे ग्राम ढप्पा के खेड़ाढाना की है। यहां रहने वाले आरोपी सुधाकर दरशिमा ने अपने बेटे कुनाल के लिए साइकिल खरीदने के लिए पत्नी कविता से पैसों की मांग की थी। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट होने लगी। गुस्से में आकर आरोपी सुधाकर ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्कों और बेल्ट से बेरहमी से मारपीट कर दी। मारपीट के दौरान कविता को सिर के पीछे, चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर 6 मार्च को थाना शाहपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने मामले में धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। वहीं मृतिका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया, ताकि मृत्यु के कारणों की पुष्टि हो सके।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। पुलिस ने आरोपी सुधाकर दरशिमा को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



