Betul Road Accident : जिले में नही थम रहे हादसे, सड़क हादसों में 3 लोगों की दर्दनाक मौत
Betul Road Accident: Accidents are not stopping in the district, 3 people died tragically in road accidents.
Betul Road Accident : बैतूल जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए दो सडक़ हादसों में 3 लोगो की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मोहदा थाना क्षेत्र में बुधवार रात पिकअप और बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में बाशिंदा निवासी गोविंद उम्र 25 वर्ष की मौत हो गई। यह हादसा ढाबे के पास होना बताया जा रहा है। पिकअप चालक की लापरवाही के कारण यह हादसा होने की जानकारी सामने आई है। मोहदा थाना प्रभारी वीके मौर्य ने बताया कि पिकअप चालक हादसे के बाद फरार हो गया। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। दूसरा हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र के बेहड़ाढाना क्षेत्र में हुआ है। दो बाइक की भिड़ंत के कारण सुखराम पिता फूलेसिंह कवड़े उम्र 22 वर्ष निवासी कोलूढाना की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि युवक पिकनिक मनाने के लिए अपने दोस्तों के साथ बाइक से जा रहा था, इसी दौरान हादसा हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क हादसे में डॉक्टर की मौत
साईंखेड़ा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिरुल बाजार निवासी डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिरुल बाजार निवासी डॉक्टर राकेश खाखरे अपने काम से बिरुल बाजार से बैतूल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक बोरवेल मशीन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयावह था कि मशीन का पिछला चक्का डॉक्टर राकेश खाखरे के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही साईंखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे की खबर से बिरुल बाजार क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है, वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की लापरवाही पर भी चिंता जताई है।


