Betul News: 12 साल से गले के ट्यूमर से जूझ रहीं विमला को मिली नई जिंदगी, आयुष्मान योजना से हुआ निशुल्क ऑपरेशन
Betul News: Vimala, who had been battling a throat tumor for 12 years, got a new lease of life, underwent a free operation under the Ayushman scheme.
Betul News: बैतूल जिले के भीमपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पिपरिया आदर्श दनोरा निवासी 46 वर्षीय विमला अहाके पिछले 10 से 12 वर्षों से गले में बढ़ते ट्यूमर की समस्या से पीड़ित थीं। जागरूकता की कमी और ऑपरेशन के डर के कारण वे इलाज कराने से बचती रहीं। समय के साथ ट्यूमर बढ़ता गया और उनकी परेशानी भी गहराती चली गई।
स्थिति तब बदली जब एक मेडिकल कैंप में उनकी जांच भोपाल स्थित प्रभात श्री हॉस्पिटल के संचालक डॉ. राम देशमुख ने की। जांच के बाद डॉक्टरों ने स्पष्ट रूप से सर्जरी की सलाह दी। काउंसिलिंग के दौरान विमला और उनके परिवार को समझाया गया कि समय पर ऑपरेशन ही स्थायी समाधान है। परिवार के सहयोग और डॉक्टरों के भरोसे ने आखिरकार विमला को हिम्मत दी।
इसके बाद उन्हें भोपाल के प्रभात चौराहे स्थित प्रभात श्री अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां बैतूल जिले के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. रमेश बड़वे और ईएनटी सर्जन डॉ. जेपी बुच की टीम ने सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया। सर्जरी पूरी तरह सफल रही और वर्षों से परेशान कर रहा ट्यूमर निकाल दिया गया। ऑपरेशन के बाद विमला अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और सामान्य जीवन जी रही हैं।
सबसे राहत की बात यह रही कि पूरा उपचार केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क हुआ। योजना का लाभ मिलने से परिवार पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं पड़ा।
डॉ. राम देशमुख ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी और ऑपरेशन का डर अक्सर मरीजों को समय पर इलाज से दूर कर देता है। सही जानकारी और विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समय पर उपचार ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे बेहतर तरीका है।
विमला अहाके ने भावुक होकर कहा कि ट्यूमर के कारण उनका जीवन बेहद कष्टदायक हो गया था, लेकिन अब वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने सरकार की योजना और अस्पताल के डॉक्टरों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें नई जिंदगी मिली है।
डॉ. देशमुख ने जानकारी दी कि बैतूल में 26 फरवरी को एक और मेडिकल चेकअप कैंप आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को समय रहते जांच और सही उपचार मिल सके।



