Betul News : 40 लाख के शासकीय गबन का पर्दाफास, 10 हजार का ईनामी आरोपी गिरफ्तार
Betul News: Government embezzlement of Rs 40 lakh exposed, accused carrying a reward of Rs 10,000 arrested
Betul News : बैतूल जनजातीय कार्य विभाग के छात्रावासों के बिजली बिल भुगतान में किए गए लगभग 40 लाख रुपये के शासकीय गबन का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने 10 हजार रुपये के ईनामी आरोपी गणेश उईके को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 17 फरवरी 2026 को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, 5 जनवरी को जनपद पंचायत बैतूल से प्राप्त पत्र और जांच प्रतिवेदन के आधार पर थाना कोतवाली बैतूल में अपराध दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि वर्ष 2021 से 2025 के बीच जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों के विद्युत बिलों के भुगतान में IFMIS पोर्टल पर कियेटर और डीडीओ लॉगिन का दुरुपयोग कर डमी और फर्जी वेंडर बनाए गए। इन फर्जी वेंडरों के माध्यम से बिजली विभाग के नाम पर भुगतान दर्शाकर राशि निजी बैंक खातों में स्थानांतरित की गई।
जांच में यह भी पाया गया कि पहले वास्तविक बिजली विभाग के खाते में भुगतान किया गया, इसके बाद दोबारा फर्जी वेंडरों के जरिए वही राशि निजी खातों में ट्रांसफर कर दी गई। बैंक खातों और स्टेटमेंट के विश्लेषण से स्पष्ट हुआ कि संबंधित खाते स्थानीय व्यक्तियों के थे और खातों में प्राप्त राशि का लेन-देन आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर से यूपीआई माध्यम से जुड़ा हुआ था। विस्तृत जांच में 40,04,067 रुपये के गबन की पुष्टि हुई है, जिसमें से 5,24,182 रुपये शासकीय चालान के माध्यम से जमा कराए जा चुके हैं।
इस मामले में प्रारंभिक रूप से भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 316(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। विवेचना के दौरान धारा 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 13(2) जोड़ी गई। इसके अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत बैतूल के आवेदन पर आरोपियों के विरुद्ध धारा 420 और 409 भादवि के तहत भी प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
प्रकरण में सहआरोपी धर्मेन्द्र वरकड़े को पूर्व में 30 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी छत्रपाल मर्सकोले की तलाश जारी है। पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी। लगातार तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर गणेश पिता लिप्पा उईके, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम कढ़ाई, थाना कोतवाली बैतूल को अभिरक्षा में लेकर गिरफ्तार किया गया।
इस कार्रवाई में अनुसंधान अधिकारी सुश्री शैफा हाशमी (प्रशिक्षु डीएसपी), थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया सहित पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और मामले की जांच आगे भी जारी रहेगी।



