Betul Crime News : अंधे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा, महिला ने रची थी हत्या की साजिश, 4 आरोपी गिरफ्तार
Betul Crime News: Sensational disclosure of blind murder, woman had hatched murder plot, 4 accused arrested
Betul Crime News : बैतूल जिले के थाना मोहदा क्षेत्र में सामने आए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। ग्राम जिरुढाना निवासी एक व्यक्ति की नृशंस हत्या कर आरोपियों ने शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया और मोटरसाइकिल रखकर उसे सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की गई थी। हालांकि, मोहदा पुलिस की सतर्कता और तकनीकी जांच ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में की गई। पुलिया के पास मिला खून से सना शव
पुलिस के अनुसार 14 जनवरी 2026 को ग्राम जड़िया और रोजड़ीखेड़ा के बीच पुलिया के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद मौर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लगने पर घटनास्थल को सील कर सीन ऑफ क्राइम टीम को बुलाया गया।

पोस्टमार्टम ने खोला मौत का राज
मृतक की पहचान लब्बू यादव (45) निवासी ग्राम जिरुढाना के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर 5 से 6 गहरे धारदार हथियारों के घाव पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि यह हादसा नहीं बल्कि निर्मम हत्या थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने हत्या के बाद शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया और मृतक की ही बाइक ऊपर रख दी, ताकि मामला सड़क दुर्घटना लगे।
महिला की साजिश, खेत की टप्पर पर की गई हत्या
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी कविता यादव के पति की मौत 6–7 माह पहले हो चुकी थी। मृतक उस पर बुरी नजर रखता था और लगातार परेशान कर रहा था। इससे तंग आकर कविता यादव ने अपने देवर और पड़ोसियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
साजिश के तहत मृतक को सांगवानी स्थित खेत की टप्पर पर बुलाया गया, जहां पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कविता यादव (30),राजू यादव (31), संतोष यादव (30)
रामप्रसाद यादव (30), सभी निवासी ग्राम जिरुढाना, थाना मोहदा के शामिल है।
अंधे कत्ल की परतें ऐसे खुलीं
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र, कॉल डिटेल और घटनाक्रम के विश्लेषण से 72 घंटे के भीतर पूरे मामले को सुलझा लिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मोहदा में अ धारा 103(1), 61(2), 238, 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। एसपी ने पुलिस टीम को सराहा
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन ने अंधे हत्याकांड के सफल खुलासे पर थाना मोहदा पुलिस की सराहना करते हुए टीम की पीठ थपथपाई।



