Betul News – कलेक्टर ने अनुग्रह सहायता देने में लापरवाही बरतने पर पंचायत सचिव की वेतन वृद्धि रोकने के दिए निर्देश
Betul News - Collector gave instructions to stop the salary increment of Panchayat Secretary for negligence in giving ex-gratia assistance
Betul News : बैतूल कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं गंभीरता पूर्वक सुनीं। इस दौरान उन्होंने अनेक समस्याओं का निराकरण मौके पर ही किया। जनसुनवाई में चिचोली तहसील के ग्राम आलमगढ़ निवासी भागीरथी इवने ने अनुग्रह सहायता राशि नहीं मिलने के संबंध में आवेदन दिया, जिस पर सुनवाई कर कलेक्टर सूर्यवंशी ने जनपद सीईओ चिचोली को आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि अनुग्रह सहायता देने में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव की वेतन वृद्धि भी रोकी जाएं। साथ ही उन्होंने जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों का निराकरण गंभीरता पूर्वक किए जाने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए। जनसुनवाई में 154 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई में आठनेर तहसील के ग्राम बालनेर निवासी मालती लोखंडे ने आवेदन के माध्यम से बताया कि उनके पति की पुलिया में गिरने से मृत्यु हो गई थी। लेकिन उन्हें अब तक आर्थिक सहायता की राशि प्राप्त नहीं हुई हैं। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने नाराजगी जाहिर करते हुए तहसीलदार आठनेर को त्वरित आर्थिक सहायता के प्रकरण का समाधान करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही निर्देशित किया कि भविष्य में आर्थिक सहायता के प्रकरण लंबित न रहे यह सुनिश्चित किया जाएं।
—अवैध अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश—
जनसुनवाई में घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम रानीपुर निवासी सुभाष धानेकर ने आवेदन के माध्यम से घर के सामने हुए अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने घोड़ाडोंगरी तहसीलदार को जांच कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। प्रभात पट्टन तहसील के ग्राम चिचखेड़ा निवासी बोदरया ने अनावेदक द्वारा बाड़ी पर किए अवैध कब्जे को हटाने के लिए आवेदन दिया। जिस पर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन तहसीलदार को प्रकरण का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैतूल निवासी सतीश मिश्रेकर ने आवेदन के माध्यम से बताया कि पीएम स्वनिधि योजना की राशि पोर्टल पर प्रदर्शित होने के बावजूद बैंक द्वारा राशि प्रदान नहीं की गई है। जिस पर कलेक्टर ने बैंक एलडीएम को प्रकरण की जांच कर तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। टेमनी निवासी सोनू चढोकार ने रजिस्ट्री नामांतरण नहीं किए जाने की शिकायत की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने आठनेर तहसीलदार को प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। इसी प्रकार कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने जनसुनवाई में आमजनों की समस्याओं पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई कर उनका निराकरण किया।



