Betul SIR Survey : बैतूल में 6 लाख 53 हजार से अधिक मतदाताओं ने डिजिटाइजेशन किया

Betul SIR Survey: More than 6 lakh 53 thousand voters have done digitization in Betul.

Betul SIR Survey : जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाताओं के भरे हुए गणना पत्रक एकत्र कर उनका डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से किया जा रहा है। शुक्रवार शाम तक जिले के कुल 12,58,295 मतदाताओं में से 6,53,024 मतदाताओं का डिजिटाइजेशन किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 51.90 प्रतिशत है।

विशेष पुनरीक्षण के गणना चरण में बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर घर-घर जाकर एप के माध्यम से गणना पत्रकों का डिजिटाइजेशन लगातार कर रहे हैं। दोनों ही स्तर के कार्मिक तेजी से गणना प्रपत्र प्राप्त कर सत्यापन कार्य में जुटे हुए हैं।

        गणना प्रपत्र में वर्ष 2003 की जानकारी भरना अनिवार्य है। बैतूल जिले में पूर्व से ही 78 प्रतिशत मतदाताओं की 2003 की सूची से मैपिंग कर ली गई है, जिसके कारण मतदाताओं को फॉर्म भरने में विशेष सुविधा मिली है। जिन मतदाताओं के पास वर्ष 2003 की जानकारी उपलब्ध नहीं है, उनके लिए जिले में कुल 22 मतदाता सहायता केंद्र (हेल्पडेस्क) स्थापित किए गए हैं। इनमें बैतूल में 4, आमला में 4, मुलताई में 1, घोड़ाडोंगरी में 6 और भैंसदेही में 7 केंद्र संचालित हैं। ये सहायता केंद्र तहसील कार्यालय, नगरपालिका, जनपद पंचायत कार्यालयों एवं कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित किए गए हैं।

       जिला प्रशासन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि बीएलओ द्वारा प्रदत्त गणना फॉर्म को सही-सही भरकर एवं हाल ही का रंगीन पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न कर शीघ्र जमा करें। जो मतदाता स्वयं फॉर्म भरने में असमर्थ हैं, उनके लिए बीएलओ द्वारा पूर्ण सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। परिवार का कोई वरिष्ठ सदस्य भी फॉर्म भरकर जमा कर सकता है, जिसके लिए हस्ताक्षर के नीचे नाम और मतदाता से संबंध का उल्लेख करना आवश्यक है।

      जिन मतदाताओं के गणना फॉर्म समय पर जमा हो जाएंगे, उन्हें ही प्रारूप मतदाता सूची में सम्मिलित किया जाएगा। यह प्रारूप सूची आगामी 9 दिसंबर 2025 को प्रकाशित की जाएगी, जिस पर दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button