Betul Crime News : महाराष्ट्र के केला व्यापारी के साथ बैतूल में लूट का प्रयास , अज्ञात बदमाशों ने कार पर किया पथराव, सूझबूझ से बची जान और लाखों रुपए
Betul Crime News: Attempted robbery of a banana trader from Maharashtra in Betul; unknown miscreants pelted stones at his car; presence of mind saved his life and lakhs of rupees.
Betul Crime News : बैतूल जिले के खेड़ी घाट क्षेत्र में मंगलवार की आधी रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। महाराष्ट्र के पथरोट निवासी केला व्यापारी कौसर बेग देर रात अपने चालक के साथ कार से बैतूल से लौट रहे थे। रात करीब एक बजे जब वे खेड़ी घाट के पास पहुंचे, तभी सड़क किनारे झाड़ियों में छिपे चार अज्ञात बदमाशों ने अचानक उनकी कार पर पथराव शुरू कर दिया।
पथराव इतना जोरदार था कि कार का शीशा टूट गया और वाहन असंतुलित होने लगा। बदमाशों का मकसद कार को रुकवाकर लूटपाट करना था, लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और किसी तरह मौके से निकल गए। गनीमत रही कि व्यापारी और चालक दोनों सुरक्षित बच गए और उनके पास रखे करीब 16 लाख 50 हजार रुपए भी सुरक्षित रहे।

घटना के बाद दोनों सीधे अपने घर पहुंचे और बुधवार को व्यापारी ने खेड़ी पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। चौकी प्रभारी राकेश सरेआम ने बताया कि यह घटना ताप्ती घाट क्षेत्र में हुई थी और इसमें तीन से चार अज्ञात बदमाश शामिल थे। व्यापारी ने अपनी शिकायत में नकदी का उल्लेख नहीं किया है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



