MP News : एमपी में बनेगा देश का सबसे बड़ा दिव्यांग पार्क, नगर पालिका परिषद ने शुरू की तैयारी
MP News: The country's largest disabled park will be built in MP, the Municipal Council has started preparations.

MP News : टीकमगढ़ नगर पालिका परिषद अब दिव्यांगजनों के लिए देश का सबसे बड़ा पार्क बनाने जा रही है। शहर के जिला न्यायालय के पीछे स्थित छह एकड़ भूमि पर इस पार्क का निर्माण किया जाएगा। परिषद ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और अब कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस पार्क को सभी 21 प्रकार की दिव्यांगताओं के अनुकूल बनाया जाएगा। इसमें दिव्यांगजन के उपयोग और आनंद के लिए ओपन जिम, लूडो, शतरंज, ब्रेल बोर्ड, म्यूजिक थेरेपी, वाटर थेरेपी, स्मेल गार्डन और टच गार्डन जैसी विशेष सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पार्क न केवल टीकमगढ़ बल्कि देशभर में एक मिसाल बनेगा।
क्षेत्रीय सांसद और केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने टीकमगढ़ में देश का सबसे बड़ा दिव्यांग पार्क बनाने की पहल की थी। उनके निर्देश के बाद जिला प्रशासन और नगर पालिका परिषद ने इस दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए हैं।
नगर पालिका परिषद ने डीपीआर और डिज़ाइन तैयार करने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही पार्क निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।
करीब 20 करोड़ रुपए खर्च होंगे
नगर पालिका परिषद के उपयंत्री अजय कुमार दीक्षित ने बताया कि दिव्यांग पार्क के लिए भूमि आरक्षित कर दी गई है और कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया जारी है। लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से यह पार्क तैयार किया जाएगा, जिसमें दिव्यांगजनों की आवश्यकताओं के अनुरूप आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य
पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि पार्क निर्माण की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में है। पहले स्थान चयन को लेकर असमंजस था, लेकिन अब जिला न्यायालय के पास की भूमि पर सहमति बनने के बाद कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सप्ताह शासन स्तर पर फाइल स्वीकृति के लिए भेजी जाएगी, जिसके बाद निर्माण कार्य की शुरुआत हो जाएगी।



