Betul News : सड़क पर शव रखकर परिजनों ने किया चक्का जाम, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Betul News: Family members blocked the road by placing the body on the road, demanding the arrest of the accused.

Betul News : बैतूल जिले के मुलताई नगर में मंगलवार रात हुए युवक की हत्या के विरोध में बुधवार को मृतक के परिजनों ने मासोद रोड तिराहे पर शव रखकर चक्का जाम किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

गौरतलब है कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे बस स्टैंड के पास किसान स्तंभ के पीछे से पारेगांव जाने वाले मार्ग पर आपसी विवाद के दौरान आरोपियों ने आदित्य टेकाम (निवासी ग्राम खरसाली) पर चाकू से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्य को तत्काल शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान आदित्य की मौत हो गई।

बुधवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को एंबुलेंस से मुलताई लाए। दोपहर लगभग 12:15 बजे परिजनों ने मासोद रोड तिराहे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलते ही एसडीओपी एस.के. सिंह और थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। वहीं एसडीएम राजीव कहार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया कि मृतक के परिवार को सहायता राशि दिलाई जाएगी तथा आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

आश्वासन के बाद दोपहर लगभग 1:40 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया और शव लेकर गांव लौट गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button