Betul News : सारणी पाथाखेड़ा WCL एरिया हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, मरीजों में मची अफरा-तफरी

Betul News: Massive fire breaks out in Sarani Pathakheda WCL Area Hospital, causing panic among patients

Oplus_131072

Betul News : जिले के सारणी पाथाखेड़ा शनिवार सुबह वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) के पाथाखेड़ा क्षेत्र स्थित एरिया हॉस्पिटल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मेल वार्ड के एक खाली कमरे से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। वार्ड में भर्ती एक मरीज ने सबसे पहले आग की लपटें देखीं और जोर-जोर से चिल्लाते हुए अस्पताल से बाहर भागा। उसकी आवाज सुनते ही अस्पताल में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और मरीजों सहित परिजन बाहर की ओर दौड़ पड़े।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब ओपीडी चालू थी और बड़ी संख्या में मरीज अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। उस समय मेल वार्ड में 5 और फीमेल वार्ड में 11 मरीज भर्ती थे। गनीमत यह रही कि जिस कमरे में आग लगी, वह खाली था, हालांकि उसमें मरीजों के बेड लगाए गए थे।

दमकल टीम ने समय रहते पाया आग पर काबू

आग की सूचना मिलते ही पाथाखेड़ा स्थित फायर स्टेशन की दमकल टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। कुछ ही देर बाद नगर पालिका परिषद सारणी और मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड (MPPGCL) की दमकल टीम भी मौके पर पहुंची। दोनों टीमों की मदद से आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

दमकलकर्मी हरेंद्र भारती और भाजपा पार्षद गणेश महस्के ने भी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

रेस्क्यू टीम ऑक्सीजन मास्क पहनकर पहुंची अंदर

घटना की गंभीरता को देखते हुए वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की 6 सदस्यीय रेस्क्यू टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। जहरीले धुएं से बचने के लिए टीम ने ऑक्सीजन मास्क पहनकर आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों की मदद की। अस्पताल में धुएं का स्तर इतना अधिक था कि बिना सुरक्षा उपकरणों के अंदर जाना संभव नहीं था।

WCL अधिकारी और यूनियन प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे

आग की खबर मिलते ही WCL पाथाखेड़ा के एजीएम, जीएमओ के अधिकारी, कर्मचारी और यूनियन प्रतिनिधि अस्पताल पहुंच गए। वे लगातार आग लगने के कारणों का पता लगाने में जुटे रहे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button