Betul Road Accident : बैतूल में दर्दनाक हादसा: जननी 108 एम्बुलेंस पलटी, नवजात की मौत, मां और परिजन घायल
Betul Road Accident: Tragic accident in Betul: Janani 108 ambulance overturned, newborn died, mother and family injured.
Betul Road Accident : बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र से मंगलवार अलसुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां जननी एक्सप्रेस 108 एम्बुलेंस के पलटने से एक नवजात शिशु की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में नवजात की मां और परिवार की एक अन्य महिला घायल हो गईं।
यह दुर्घटना तड़के करीब पांच बजे दीपा मंडई रेलवे गेट के पास उस वक्त हुई, जब एम्बुलेंस तेज रफ्तार में घाट पर संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे नाली में जा गिरी। हादसे के बाद नवजात शिशु करीब एक घंटे तक पलटी हुई एम्बुलेंस के अंदर ही फंसा रहा, और जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपामंडई निवासी दिलीप इवनाती की पत्नी कलस्या बाई ने अपने घर पर ही एक पुत्र को जन्म दिया था। जच्चा-बच्चा को बेहतर इलाज के लिए परिजनों ने जननी एक्सप्रेस एम्बुलेंस को बुलाया। वाहन में कलस्या बाई, नवजात, उनकी मां और सास सवार थीं।
दिलीप इवनाती खुद बाइक से एम्बुलेंस के पीछे-पीछे चल रहे थे। उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस की रफ्तार काफी तेज थी और घाट में उतरते समय ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। एम्बुलेंस के पलटते ही दिलीप ने तत्काल अपनी पत्नी और मां को बाहर निकाला, लेकिन नवजात सीट में बुरी तरह फंसा रह गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जब बच्चे को निकाला गया, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। हादसे में घायल महिलाओं को पहले बोरदेही अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में उन्हें सिविल अस्पताल आमला रेफर कर दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे ने फिर एक बार सवाल खड़े कर दिए हैं – क्या जननी एक्सप्रेस जैसी आपातकालीन सेवाओं में सुरक्षा मानकों का पालन हो रहा है? और क्या तेज रफ्तार को नियंत्रण में रखने के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण दिया गया है।



