Betul Husband Wife Suicide : आपसी विवाद से दंपती ने की आत्महत्या, डेढ़ साल के मासूम को सड़क पर छोड़, डैम में कूदे, पति-पत्नी की मौत
Betul Husband Wife Suicide: Due to mutual dispute, the couple committed suicide, leaving the one and a half year old innocent on the road, jumped into the dam, husband and wife died.

Betul Husband Wife Suicide : बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। आपसी विवाद से परेशान एक दंपती ने अपने डेढ़ साल के मासूम बेटे को सड़क किनारे छोड़कर बुकाखेड़ी डैम में छलांग लगा दी। घटना में पति-पत्नी दोनों की मौत हो गई है।
मृतकों की पहचान ग्राम पिपरिया निवासी शुभम करदाते (25) और रोशनी (22) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों ने करीब साढ़े तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दंपती के बीच विवाद की स्थिति बनी रहती थी। शुक्रवार रात को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था।
शनिवार सुबह करीब 9 बजे दोनों अपने डेढ़ साल के बेटे को सड़क किनारे छोड़कर डैम पर पहुंचे और पानी में कूद गए। इस दौरान हतनापुर निवासी मुन्ना परिहार ने घटना को देखा और तुरंत ग्रामीणों व पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी देवकरण डहेरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। कुछ देर की तलाश के बाद पहले रोशनी का शव और फिर शुभम का शव बरामद किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों ने बच्चे को सुरक्षित अपने पास रख लिया। मृतक शुभम के चाचा दीपक पवार ने बताया कि शुभम मजदूरी करता था। उसके माता-पिता गांव में रहते हैं और बहन की शादी हो चुकी है।
झगड़े की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



