Betul News: तीजा पर फूटा महिलाओं का गुस्सा, जीतू पटवारी के पुतले को चप्पलों से पीटकर माचना नदी में किया विसर्जित
Betul News: Women's anger erupted on Teej, Jeetu Patwari's effigy was beaten with slippers and immersed in Machna river
Betul News: बैतूल में हरतालिका तीज के अवसर पर जहां महिलाएं परंपरागत रूप से शृंगार करती हैं, व्रत रखती हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करती हैं, वहीं इस बार बैतूल में त्योहार का माहौल अलग ही रंग में नजर आया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी की महिलाओं को लेकर की गई विवादित टिप्पणी ने आक्रोश की ज्वाला को भड़का दिया। बुधवार को माचना घाट पर एकत्रित महिलाओं और भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने पहले पटवारी का पुतला चप्पलों से पीटा और फिर उसे नदी में विसर्जित कर दिया।
दरअसल, सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष पटवारी ने बयान दिया था कि “मध्यप्रदेश में देशभर में सबसे ज्यादा महिलाएं शराब पीती हैं।” इस बयान के बाद प्रदेशभर में बवाल खड़ा हो गया। भाजपा ने इसे महिलाओं का अपमान बताते हुए पटवारी से माफी की मांग शुरू कर दी। इसी कड़ी में बैतूल में महिलाओं ने तीज के दिन ही विरोध का अनोखा तरीका अपनाया।
पूजा सामग्री संग पहुंचीं महिलाएं
जानकारी के अनुसार, बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं माचना घाट पर पूजा सामग्री लेकर पहुंचीं। तीज का पूजन करने के बाद अचानक माहौल बदल गया। महिलाओं ने हाथों में चप्पलें उठा लीं और कांग्रेस नेता के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद पटवारी का पुतला लाया गया और महिलाओं ने उसे घेरकर चप्पलों से पीटा।
पुतले को पीटने के बाद महिलाएं उसे माचना नदी के किनारे ले गईं और विधिवत विसर्जन कर अपना गुस्सा जताया। इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद रहीं। महिलाओं ने कहा कि तीज जैसे पावन अवसर पर भी कांग्रेस नेता का बयान आस्था और मर्यादा को ठेस पहुंचाने वाला है।
विरोध प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना था कि कांग्रेस नेता ने महिलाओं का अपमान किया है, जिसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। तीज के पावन पर्व पर उन्होंने भगवान शिव-पार्वती से प्रार्थना की कि ऐसी सोच रखने वालों को सद्बुद्धि मिले।



