Betul Crime News Today : युवक की हत्या से फैली सनसनी, नदी किनारे जंगल में मिला शव
Betul Crime News Today: Sensation spread due to murder of youth, body found in forest near river
Betul Crime News : बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी ओझाढाना निवासी एक युवक की नृशंस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। युवक का शव बुधवार देर रात देनवा नदी के पास मुंडी के जंगल में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। यह इलाका रानीपुर थाना क्षेत्र में आता है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान वार्ड क्रमांक 13, ओझाढाना निवासी अमित पिता दिनेश उइके के रूप में हुई है, जो बीती रात से लापता था। जब उसका शव जंगल में मिला तो शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान पाए गए, जिससे प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घोड़ाडोंगरी अस्पताल भेजा। परिजनों को शव सौंप दिया गया है। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है और रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी अवधेश तिवारी ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्याकांड के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।
स्थानीय ग्रामीणों में घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा।



