आग की भट्टी की तरह तपने लगा बैतूल, तापमान 44 डिग्री के करीब पहुँचा
बैतूल– सतपुड़ा की वादियों में बसा बैतूल गर्मी के कारण आग की भट्टी की तरह तपने लगा है। असहनीय गर्मी ने जिले वासियों को परेशान करके रखा है। दिन के समय लू के थपेड़े चलने से जिले वासी परेशान हैं। शनिवार को तापमान में बढ़ोतरी होने से गर्मी के तेवर फिर प्रचंड हो चुके हैं। शनिवार का दिन इस सीजन का सबसे गर्म दिन रहा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शनिवार का न्यूनतम तापमान 25.7 और अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री पहुँच गया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अभी कुछ दिन तक गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। दोपहर के समय गर्मी इतनी प्रचंड प्रहार कर रही है कि घर से निकलना मुश्किल सा हो गया है। गर्मी से बचने के लिए लोग कूलर, पंखे AC का सहारा लेने को मजबूर है। राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाओं ने झुलसा दिया है। आगामी दिनों बैतूल में भी तीव्र लू चलने की संभावना है।