युवक पर गोली चलाने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल जब्त

  • बैतूल। बैतूल बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम सेलगांव में एक युवक पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों को बैतूल बाजार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक कट्टा भी बरामद किया है। दोनों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय पेश किया है।
    बैतूल बाजार थाना प्रभारी एबी मर्सकोले ने बताया कि 19 अप्रैल की सुबह को ग्राम सेलगांव में अशोक पिता कुंदा कवड़े 35 वर्ष पर बोलेरो में सवार होकर आए अज्ञात लोगों ने फायर कर दिया था। युवकों द्वारा तीन फायर किए गए, जिसमें से एक गोली अशोक से सीने से छूकर निकल गई थी। अशोक ने गोली चलाने वाले आरोपियों की पहचान का दावा किया था। फरियादी द्वारा बताए अनुसार पुलिस ने घेराबंदी कर सदर निवासी सागर बसई और भयावाड़ी निवासी सुजित को हिरासत में लिया और पूछताछ की गई। बैतूल बाजार थाना प्रभारी श्री मर्सकोले ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने गोली चलाने की घटना को स्वीकार किया है। गोली सागर ने चलाई थी, जिसके पास से एक पिस्टल भी बरामद की है। पुलिस ने गोलीकांड में कुल पांच लोगों पर धारा 307 का मामला दर्ज किया था। पांच आरोपियों में से सिर्फ दो ही आरोपी गिरफ्तार हो पाए है। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को न्यायालय पेश किया गया। फरार चल रहे अन्य तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
    गाड़ी तेज भगाने को लेकर हुआ था विवाद
    बैतूल बाजार थाना प्रभारी श्री मर्सकोले ने बताया कि गाड़ी तेज भगाने को लेकर विवाद हुआ था। इस विवाद में गोली चलने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंच कुट्टन के पास से आरोपी तेज गति से वाहन दौड़ा रहे थे। इस बात को लेकर कुट्टन और आरोपियों के बीच विवाद हो गया। इस बीच अशोक भी आ गया। आरोपियों ने कट्टा निकालकर फायर कर दिया और गोली अशोक के सीने में जा लगी। बताया जा रहा है कि आरोपी शराब ठेकेदार के गुर्गें है। हमेशा ही यह शराब पकड़ने के लिए क्षेत्र में घूमते और डराते-धमकाते है।

  • Related Articles

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    Back to top button