MP Weather Alert Today: भोपाल, जबलपुर सहित मप्र के 34 जिलों में बारिश का अलर्ट, बैतूल में जमकर बरसे बादल
MP Weather Alert Today: Rain alert in 34 districts of MP including Bhopal, Jabalpur, heavy rains in Betul

MP Weather Alert Today: मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश का दौर जारी है । मौसम विभाग भोपाल के मुताबिक अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनुपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, मैहर, पांढुर्णा जिलों में गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
गुरुवार दोपहर को बैतूल में झमाझम बारिश
बैतूल। पिछले तीन-चार दिनों से मौसम खुला होने के बाद जिले में फिर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त को एक नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। जिससे जिले के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। गुरुवार दोपहर को जिला मुख्यालय पर कुछ देर तक हल्की बारिश होते रही। पिछले तीन-चार दिनों से मौसम खुलने और धूप खिलने से जिलेवासियों ने राहत की सांस ली, लेकिन अब फिर से बारिश का दौर शुरू होने की संभावना बनी है। मौसम विभाग के मुताबिक 29 अगस्त से एक नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है। जिसके कारण नर्मदापुरम संभाग के बैतूल सहित कई जिलों में मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना बनी है।
जिला मुख्यालय में दोपहर में हुई बारिश
गुरुवार दोपहर को जिला मुख्यालय पर बारिश होने से लोगों को उमस से राहत मिली है। सुबह से तेज धूप खिली थी। दोपहर बाद अचानक मौसम का मिजाज बिगड़ गया और बारिश होना शुरू हो गई। काफी देर तक बारिश होते रही। बारिश से मौसम में ठंडक घुल गई है। अगले चौबीस घंटे के दौरान जिले में कहीं-कहीं तेज से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी है।
34 इंच पर पहुंचा बारिश का आंकड़ा
जून की शुरूआत से लेकर अब तक बैतूल जिले में लगभग 34 इंच बारिश हो चुकी है। इस वर्ष अच्छी बारिश होने के कारण तेजी से औसत बारिश का आंकड़ा बढ़ते जा रहा है। इसी तरह बारिश का दौर जारी रहा तो जल्द ही औसत बारिश का कोटा भी पूरा हो जाएगा। औसत बारिश पूरी होने के लिए 43 इंच बारिश होना चाहिए। पिछले साल की अपेक्षा इस वर्ष अधिक बारिश हुई है। पिछले साल अब तक 718.9 मिमी बारिश हुई थी। इस वर्ष अधिक बारिश दर्ज की है।



