शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पत्नि की कुल्हाड़ी से कर दी हत्या
ज्ञानू लोखण्डे बैतूल
बैतूल। शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए तो पति ने पत्नि पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। मोहदा थाना प्रभारी रविकांत डेहरिया ने बताया कि मोहदा थाना क्षेत्र दामजीपुरा के ग्राम जोगली में पिंटू उर्फ मनीराम वट्टी (26) ने पत्नि सुमित्रा वट्टी (22) की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पति पत्नि से शराब पीने के लिए पैसे की मांग कर रहा था। पत्नि ने शराब पीने के लिए पैसे नहीं दिए। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नि के बीच सोमवार रात को विवाद हो गया। विवाद में युवक के ससुर ने उसे जमकर डाट दिया। कुछ देर विवाद के बाद सभी लोग सो गए। मंगलवार सुबह लगभग 6 बजे पति उठा और घर में सो रही पत्नि पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे महिला सुमित्रा बाई की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जायजा लिया। तत्काल आरोपी पति मनीराम को हिरासत में ले लिया है। घटना स्थल से पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया है। मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
6 वर्ष पहले हुआ था प्रेम विवाह
पुलिस के मुताबिक मृतिका सुमित्रा और पिंटू का 6 वर्ष पहले विवाह हुआ था। दोनों घर से भाग गए थे और विवाह कर लिया। विवाह के कुछ दिन के बाद में दोनों मायके जोगली में ही रहने लगे। मनीराम भी घर जवाई बनकर रहने लगा। महिला का तीन वर्षीय एक पुत्र भी है। आए दिन पति-पत्नि के बीच विवाद होते रहता था। सोमवार रात को भी ऐसे ही शराब के लिए पैसे मांगने पर विवाद हो गया। पति ने शराब के नशे में पत्नि पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 302 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।