MP Weather Today: मध्य प्रदेश के तीन संभाग और 18 जिलों में बारिश का अलर्ट, गरज- चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना
MP Weather Today: Rain alert in three divisions and 18 districts of Madhya Pradesh, possibility of hailstorm with thunder and lightning
MP Weather Today: पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मध्य प्रदेश के किस जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग भोपाल में रविवार को जारी की गई एडवाइजरी में बताया कि अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश के शहडोल संभाग के जिलों में, राजगढ़, बुरहानपुर, खंडवा, धार, उज्जैन, अगरमालवा, गुना, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ , नर्मदापुरम, जबलपुर संभागों के जिलों में, विदिशा, रायसेन, सीहोर, भोपाल, देवास, शाजापुर, अशोकनगर, दमोह और सागर जिलों में वज्रपात होने और झोकेदार तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना है। 10 अप्रैल तक मौसम इसी तरह से बना रहेगा।
बैतूल में कुछ क्षेत्रों में हुई बूंदाबांदी
बैतूल पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। रविवार सुबह और दोपहर को जिला मुख्यालय सहित कुछ क्षेत्रों में हल्की बंूदाबांदी हुई है, अगले 24 घंटे के दौरान कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने बैतूल में बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग भोपाल के मुताबिक वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, उत्तर पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर मध्य समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवातीय संरचना के रूप में क्षोभमंडल की पछुआ पवनों के बीच एक टर्प के साथ 41 डिग्री पूर्व देशातंर के सहारे 28 डिग्री उत्तरी अक्षांश के उत्तर में हवाओं में असत्तता जारी है। जिसके कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मध्यप्रदेश के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक 7 अप्रैल से 10 अप्रैल तक मौसम इसी तरह बना रहेगा। रविवार को मौसम विभाग ने बैतूल में बारिश का आरेंज अलर्ट जारी किया है। 10 अप्रैल तक बैतूल में बारिश का आरेंज अलर्ट रहेगा। इस दौरान वज्रपात, ओलावृष्टि होने और झंझावत एवं झोकेदार हवाएं चलने की संभावना है। बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती है।

बादलों से तापमान में आई गिरावट
बादल छाने और कुछ क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी होने से तापमान में गिरावट आई है। बादलों के कारण सूरज की तेज तपिश कम हो गई। अधिकतम तापमान 38 डिग्री के आसपास बना हुआ है। न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री दर्ज किया गया। शनिवार रात को भी कुछ क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई, रविवार सुबह बादल गरजने लगे और जिला मुख्यालय पर बूंदाबांदी होते रही। इसके बाद हल्की धूप खिली थी। दोपहर में मौसम फिर बदल गया और बूंदाबांदी होने लगी। एक-दो मिनट तक बूंदाबांदी होने के बाद फिर मौसम खुल गया। हालांकि आसमान में बादल उमड़ते-घुमड़ते रहे। सूरज की तपिश कम जरूर हुई, लेकिन उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। उमस होने के कारण लोग पंखे, कूलर का सहारा लेने को मजबूर हो गए। न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी हो गई है।
बदले मौसम से किसान चिंतित
मौसम बदलने से किसान बेहद चिंतित है। कई किसानों की फसल कटाई का कार्य जारी है तो कुछ किसान थ्रेसिंग के कार्य में लगे है। बारिश होने से कटी फसलें भीग सकती है तो कुछ किसानों का थ्रेसिंग का कार्य भी प्रभावित हो सकता है। किसानों का कहना है कि थ्रेसिंग का कार्य होने के बाद भूसा खेतों में ही पड़ा हुआ है। बारिश होने से भूसा गिला होने की संभावना है। भूसा गिला होने से पशुओं के चारा खराब हो जाएंगा। जिससे किसानों के सामने मवेशियों के चारे की किल्लत खड़ी हो जाएंगी।



