Raid On Mawa Businessman: कारोबारी के यहां छापा, 300 किलो मावा जब्त – तीन सेम्पल लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे
Raid On Mawa Businessman: Raid on businessman's house, 300 kg mawa seized - three samples were taken and sent for laboratory testing.
Raid On Mawa Businessman: बैतूल खाद्य एवं औषधि विभाग ने सूचना के आधार पर शाहपुर क्षेत्र के नीमपानी में एक मावा कारोबारी के यहां छापामार कार्रवाई की, इस दौरान भारी मात्रा में मावा जब्त किया है। मावे के सेम्पल जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। बताया जा रहा है कि यह मावा जबलपुर से बुलाया गया था।
शाहपुर SDM अभिजीत सिंह ने बताया कि बुधवार की रात को सूचना मिली थी कि शाहपुर क्षेत्र के नीमपानी में एक कारोबारी द्वारा जबलपुर से मावा बुलाया गया है और इस मावे में मिलावट हो सकती है। सूचना के आधार पर खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारियों के साथ जाकर मावा विक्रेता भगवान मावा वाले के दुकान में कार्रवाई की। यहां से 300 किलो मावा जब्त किया गया। निरीक्षण के दौरान भंडारण में कारोबारी द्वारा 114 किलो खोवा रखा पाया गया। वहीं 6 बोरियों में अलग-अलग प्रकार के 140 किलो व 160 किलो खोवा रखा हुआ था। जब उक्त कारोबारी से मावा के संबंध में पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि यह मावा जबलपुर से एक खाद्य कारोबारी के पास से बुलाया गया है। इस तरह से अधिकारियों ने मौके से 300 किलो मावा जब्त किया है।
अधिकारियों के मुताबिक शंका के आधार पर भंडारित मावे के अलग-अलग कुल 3 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भोपाल भेजे हैं। सेम्पल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि उक्त मावा सही है या उसमें मिलावट है। उक्त मावा कारोबारी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस भी जारी किया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम और खाद्य औषधि विभाग के अधिकारियों की इस छापामार कार्रवाई से अन्य कारोबारियों में भी हड़कंप मच गया है। कई कारोबारियों को यह डर सताने लगा है कि कहीं उनके यहां भी छापामार कार्रवाई न हो जाए। इसलिए कई कारोबारी इस कार्रवाई के बाद अलर्ट हो गए हैं।



