Betul Mobile Chori News: सदर बाजार से फिर मोबाइल हुआ चोरी, बाजार में सक्रिय है चोर
Betul Mobile Chori News: Mobile stolen again from Sadar Bazaar, thief is active in the market.

Betul Mobile Chori News: बैतूल नगर के सदर क्षेत्र में लगने वाले सब्जी बाजार में मोबाइल चोर गिरोह की वारदातों पर अंकुश लगाने में पुलिस नाकाम साबित हो रही है। रविवार और गुरुवार को यहां पर सब्जी खरीदने के लिए पहुंचने वाले लोगों के मोबाइल लगातार चोरी किए जा रहे हैं। रविवार 14 जनवरी को भोपाल निवासी प्रदीप दत्ता की शर्ट की जेब से सरेआम मोबाइल चोरी कर भीड़ का फायदा उठाकर चोर फरार हो गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत बैतूल कोतवाली में की है।
जानकारी के अनुसार आवेदक प्रदीप दत्ता निर्मल नगर खजूरी रोड पिपलानी भोपाल से बैतूल अपने परिचित के घर मेहमान आए हुए थे। शिकायत आवेदन उन्होंने बताया कि वह पटेल वार्ड निवासी शिवपाल वामनकर के घर रुके हुए थे। रविवार सुबह श्री वमनकर के साथ में सदर बाजार सब्जी लेने गए थे। बाजार में अत्यधिक भीड़ थी इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति शर्ट की जेब से मोबाइल निकाल कर फरार हो गया। भीड़ अधिक होने के कारण चोर को पकड़ नहीं पाए। उन्होंने कोतवाली थाने में मोबाइल में लगी सिम को बंद करवा कर मोबाइल खोजबीन करने एवं चोर की गिरफ्तारी करने की मांग की है।
पूर्व में भी कई बार हो चुकी है घटना
इसके पूर्व में भी सदर बाजार में मोबाइल चोरी की घटना कई बार सामने आ चुकी है। गत वर्ष सदर बाजार से 15 से अधिक लोगों के एक साथ मोबाइल चोरी हो गए थे। लेकिन आज तक चोरों का पता नहीं लगाया जा सका है। सदर बाजार में सुबह के समय सब्जी की खरीदी करने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट जाती है। इसी का फायदा मोबाइल चोरी करने वाली गैंग उठा रही है। लगातार हो रही मोबाइल चोरी की घटनाओं से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।



