Betul Drivers Strike: बड़ोरा और फोरलेन पर चक्काजाम, इधर पेट्रोल पंप और गैस एजेंसीयों पर लोगों की भारी भीड़

Betul Drivers Strike: Blockade on Badora and four lanes, huge crowd of people at petrol pumps and gas agencies

Betul Drivers Strike: बैतूल हिट एंड रन के नए कानून के खिलाफ वाहन चालक हड़ताल पर चले गए हैं। दूसरे दिन भी वाहन चालकों की हड़ताल से जनजीवन प्रभावित हो गया। इधर पेट्रोल और डीजल के लिए पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। लोग पेट्रोल डीजल भरवाने के लिए मशक्कत करते नजर आए। वाहन चालकों की दूसरे दिन मंगलवार को भी हड़ताल जारी रहने के कारण आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। यात्री बसें न चलने से सबसे ज्यादा आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। यात्री बसें बंद होने के कारण ट्रेन की ओर रूख कर रहे हैं, लेकिन यहां पर भी भारी भीड़ होने के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालात यह है कि लोग दो दिन से कामकाज के सिलसिले से बाहर नहीं जा पा रहे हैं। बैतूल आदिवासी बाहुल्य जिला है। यहां पर कई ऐसे गरीब है जिनके पास आने-जाने के लिए स्वंय का साधन नहीं है। बस सहित अन्य साधनों से आना जाना करते हैं, लेकिन हड़ताल के कारण सबसे ज्यादा गरीबों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। जरूरी कामकाज होने के कारण लोग अपने काम से नहीं जा पा रहे हैं। कोठीबाजार और गंज बसस्टैंड पर सन्नाटा पसरा रहा। वाहन चालकों की मांग है कि सरकार ने जो नया कानून लागू किया है। यह वाहन  चालकों के लिए ठीक नहीं है। इस कानून को वापस लिया जाए। अन्यथा हड़ताल इसी तरह जारी रहेगी। यात्री बसों के अलावा ट्रांसपोर्ट का काम भी पूरी तरह से ठप रहा। लोगों का जरूरी सामान भी हड़ताल के कारण समय पर नहीं पहुंच पा रहा है। बसें और अन्य साधन बंद होने के कारण कई लोग निजी वाहनों से आवाजाही करने के लिए मजबूर हो गए थे। 

पेट्रोल-डीजल भरवाने लगी भीड़
हड़ताल के कारण आम लोगों को यही लग रहा है कि डीजल पेट्रोल का भी संकट खड़ा हो जाएगा। सोमवार से पेट्रोल पंपों पर वाहनों की भीड़ लगी है। दूसरे दिन मंगलवार को भी पेट्रोल-डीजल भरवाने के लिए लंबी कतार लगी रही। जहां लोग आवश्यकतानुसार 100 रुपए का पेट्रोल डालते थे वे हड़ताल के कारण अब पांच सौ रुपए तक पेट्रोल डालने के लिए मजबूर हो गए हैं। सभी को यही आशंका है कि पेट्रोल डीजल खत्म हुआ तो और मुश्किले बढ़ जाएगी। कोठीबाजार, गंज सहित सभी पेट्रोल पंपों पर सुबह से पेट्रोल और डीजल भरवाने के लिए वाहनों की लंबी कतार लगी रही। कुछ पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल भी खत्म होने की जानकारी सामने आई है। 
गैस एजेंसी पर भी उमड़ पड़े लोग
हड़ताल के कारण गैस सिलेंडर की गाड़ियां भी नहीं आ रही है। सिलेंडर के लिए लोग गैस एजेंसी पर उमड़ने लगे हैं। आम जनता को  यही आशंका है कि सिलेंडर खत्म हुआ तो घर का चूल्हा जलना मुश्किल हो जाएगा। इसलिए लोग गैस सिलेंडर के लिए एजेंसियों पर पहुंचने लग गए। मंगलवार सुबह से गुरुद्वारा रोड स्थिति एचपी गैस एजेंसी सहित अन्य कंपनियों की गैस एजेंसियों पर सिलेंडर के लिए लोग कतार में खड़े थे। हड़ताल को देखते हुए लोग घर में अतिरिक्त सिलेंडर का इंतजाम कर रहे थे। लोगों का मानना है कि हड़ताल लंबी खीची तो कई मुश्किले खड़ी हो जाएगी। हालांकि वाहन चालकों ने तीन जनवरी तक हड़ताल की बात कही है। सरकार ने मांगें नहीं मानी तो हड़ताल लंबी भी चल सकती है। 
फोरलेन और बडोरा पर किया चक्काजाम

मोटर व्हीकल एक्ट के विरोध में वाहन चालकों ने बैतूल नागपुर फोरलेन और बड़ोरा चौक पर चक्का जाम कर दिया। चक्का जाम के दौरान वाहन चालकों ने विरोध प्रदर्शन कर नए कानून को वापस लेने की मांग की है। मंगलवार को वाहन चालकों ने फोरलेन तितली चौक और बड़ोरा चौक पर चक्का जाम कर दिया सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइए दी इसके बाद चक्काजाम खत्म हुआ। चक्का जाम के कारण हाइवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। वाहन चालक परेशान हो रहे थे। बताया जा रहा है कि हाईवे पर चक्का जाम की पुलिस को कोई पहले से सूचना नहीं दी गई थी अचानक चक्का जाम करने से लोगों के सामने परेशानी खड़ी हो गई थी। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ और यातायात सुचारू हो सका। नए मोटर व्हीकल एक्ट जमकर विरोध हो रहा है।

Related Articles

Back to top button