Betul Medical College News: बैतूल में मेडिकल कॉलेज के लिए देखी जमीन, कलेक्टर लेंगे आखिरी फैसला
Betul Medical College News: Land seen for medical college in Betul, Collector will take final decision

Betul Medical College News: बैतूल मेडिकल कॉलेज को लेकर प्रशासन भी अब एक्शन मोड में है। कोसमी क्षेत्र में राजस्व अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज के लिए जगह देखी है। जल्द ही कलेक्टर को जानकारी देकर जमीन का निरीक्षण किया जाएगा। भाजपा सरकार ने विधानसभा चुनाव के पहले मेडिकल कॉलेज स्वीकृत किया। चुनाव के बाद फिर भाजपा को बहुमत मिला और सरकार बनी है। पूर्व सांसद और वर्तमान बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हुआ है। अब कॉलेज के लिए भूमि का इंतजाम करने जिला प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। बैतूल जिले में स्वीकृत हुए नवीन चिकित्सा महाविद्यालय स्थापना के लिए जिला अस्पताल बैतूल से दस किमी की दूरी में 25 एकड़ से अधिक भूमि की तलाश की जा रही है। राजस्व अधिकारी जमीन की तलाश में जुटे हैं। अभी तक राजस्व अधिकारियों ने कई जगह जमीन की तलाश की जिसमें कोसमी में अधिकारियों द्वारा लगभग 25 एकड़ जमीन देखी गई है। जमीन के संबंध में राजस्व अधिकारी अब कलेक्टर से मुलाकात करेंगे। बैतूल तहसीलदार अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि कोसमी में मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन देखी है। यह जमीन थोड़ी उबड़-खाबड़ है। जमीन तो देख ली है लेकिन कलेक्टर से इस संबंध में चर्चा की जाएगी और मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के बाद कॉलेज के लिए जमीन बेहतर साबित होती है तो इस जमीन को ही चिन्हित किया जाएगा। तहसीलदार ने कहा कि जमीन थोड़ी उबड़-खाबड़ जरूर है लेकिन इस जमीन पर कॉलेज का निर्माण हो सकता है। जमीन को समतल करने की जरूरत पड़ेगी। वैसे भी भवन निर्माण के समय जमीन को समतल किया जाता है। कोसमी में जहां जमीन देखी है वहां 10 किमी के अंदर है, जिससे मेडिकल कॉलेज की गाइड लाइन के अंतर्गत आती है। राजस्व अधिकारियों का कहना है कि पटवारियों को भी मेडिकल कॉलेज के संबंध में जमीन को लेकर जानकारी दी है, अपने-अपने पटवारी हल्का क्षेत्र में भी पटवारी जमीन की तलाश कर रहे हैं। जहां पर भी बेहतर जमीन मिलेगी उसे ही चिन्हित किया जाएगा।


