Betul Bus Hadsa: चोपना से रेहटी जा रही बस पलटी, 24 घायल, इधर बस की टक्कर से बाइक चालक की मौत
Betul Bus Accident: Bus going from Chopna to Rehti overturned, 24 injured, bike driver dies due to collision with bus here
Betul Bus Hadsa: बैतूल शनिवार सुबह केसला के समीप शिवम बस कम्पनी की यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना में लगभग 24 यात्री बुरी तरह घायल हो गए जिन्हें असप्ताल मे भर्ती किया गया। बताया जा रहा है कि यात्री बस चोपना से रेहटी के लिए चलती है जो सुबह 6 बजे चोपना से रवाना हुई थी। यह यात्री बस घोड़ाडोंगरी, सारणी, धपाड़ा होती हुई भौंरा पहुंचने के बाद हाइवे के रास्ते से इटारसी रवाना होती है। जानकारी मिली है कि घायलों में चोपना सहित घोड़ाडोंगरी, सारणी के भी यात्री शामिल हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक एमपी-48, पी 1145 के पलटने के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की और उनको उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना एम्बुलेंस 108 को भी दी गई। पुलिस वाहन में कई यात्रियों को अस्पताल भेजा गया । यात्रियों को सिर, हाथ, पैर, पसलियों में चोटें आई हैं। बाद में एम्बुलेंस 108 भी पहुंच गई। बस में करीब पचास यात्री थे, इनमेें से 24 यात्रियों को चोटें आई हैं। यात्रियों के मुताबिक बस की रफ्तार काफी तेज थी। बस पलटने के बाद चीख-पुकार मच गयी। कुछ यात्री जो कम घायल थे, स्वयं बाहर निकले और कुछ को ग्रामीणों द्वारा बाहर निकाला गया। कई यात्रियों को घटना में चोटें आई हैं। बस में कुछ स्कूली बच्चे भी थे, जो घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बस ने बाईक को मारी टक्कर, युवक की मौत
बैतूल। बैतूल-इंदौर हाईवे पर एक बस ने बाईक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम 7 बजे धनोरा के पास एक निजी यात्री बस ने बाईक को टक्कर मार दी। हादसे में नए गांव निवासी ऋतिक पिता देवधर धोटे (25) गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे इलाज के लिए तत्काल अस्पताल लाया जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह जिला अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। हादसे की जानकारी मिलते ही खेड़ी चौकी पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। मर्ग कायम कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।



