Betul Cmho News: सीएमएचओ का प्रभार लेते ही एक्शन में डॉ बारंगा, निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित मिले कर्मचारी
Betul Cmho News: Dr. Baranga in action after taking charge of CMHO, employees found absent during inspection
Betul Cmho News: बैतूल सीएमएचओ का प्रभार मिलते ही डॉ अशोक बारंगा एक्शन में है। प्रभारी सीएमएचओ ने अलग-अलग स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कर्मचारियों को समय पर उपस्थित होने का अल्टीमेटम दिया जाएगा। इसके बाद सुधार नहीं हुआ तो कार्रवाई होगी। औचक निरीक्षण के कारण स्वास्थ्य कर्मचारियों में हडक़ंप मचा हुआ है। प्रभारी सीएमएचओ श्री बारंगा ने गुरूवार को रौंढा सहित अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए है कि वे ड्यूटी पर समय पर पहुंचे और अनुपस्थित न रहे। शुक्रवार को सीएमएचओ ने जावरा, सेहरा, धनोरा सहित अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और उप सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया। आज भी निरीक्षण के दौरान कई जगह लापरवाही मिली। कुछ कर्मचारी भी नदारद मिले है, सीएमएचओ श्री बारंगा ने बताया कि जहां भी कर्मचारी अनुपस्थित मिले है, उन्हें समझाईश देकर उन्हें सुधार का मौका दिया गया है, इसके बावजूद भी कार्य में कोई सुधार नहीं होता है। लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि सीएमएचओ डॉ सुरेश बौद्ध का राजगढ़ तबादला होने के बाद अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ अशोक बारंगा को सीएमएचओ का प्रभार दिया है। प्रभार मिलते ही जिले के विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों और उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था को सुधारने की कवायद शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि दूर दराज के गांव क्षेत्र में बने उप स्वास्थ्य केन्द्रों में अधिकतर कर्मचारी नदारद रहते है। जिसके कारण स्वास्थ्य सेवाएं बिगड़ते रहती है।
बीएमओ को जारी करेंगे पत्र
प्रभारी सीएमएचओ श्री बारंगा ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आ रही है। इन खामियों को दूर करने के लिए ब्लॉक के सभी बीएमओ को पत्र लिखा जाएंगा। पत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और उप स्वास्थ्य केन्द्रों की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि व्यवस्थाओं में सुधार हो सके। कर्मचारियों के अनुपस्थित होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बिगड़ती है। कई बार यह भी शिकायतें सामने आती है कि अंचलों के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों में पदस्थ कर्मचारी समय पर नहीं आते और लापरवाही बरतते है। अब ऐसे लापरवाह कर्मचारियों को सुधरने का अल्टीमेटम दिया जा रहा है। बीएमओ को भी पत्र में अपने क्षेत्र के उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर समय-समय पर निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए जाएंगे।
इनका कहना…
दो दिनों से अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर स्वास्थ्य केन्द्र और उप स्वास्थ्य केन्द्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। कई जगह व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए है।
डॉ अशोक बारंगा, प्रभारी सीएमएचओ, बैतूल



